Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा में 7 करोड़ के धान गायब होने को लेकर सियासी भूचाल, कांग्रेस ने डीएमओ कार्यालय में दिया चूहा जाल

Congress Protest in Kawardha: कबीरधाम जिले में धान को लेकर सामने आए कथित घोटाले ने प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक मंच तक हलचल मचा दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान जिले के दो धान खरीदी केंद्रों से करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी सामने आई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में धान के गायब होने को लेकर जहां प्रशासन सवालों के घेरे में है, वहीं जिला विपणन अधिकारी की ओर से दिए गए बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। DMO ने कहा कि धान चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की मार से नष्ट हुआ, जिसने विवाद को और गहरा कर दिया है।

यह भी पढ़ें:- कवर्धा में 7 करोड़ का धान गायब, चूहे-दीमक पर फोड़ा गया ठीकरा, अधिकारी बोले- मौसम और कीड़े जिम्मेदार

धान की कमी पर जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने कहा कि उपलब्ध न हो पाने वाला धान चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम के कारण खराब हो सकता है। हालांकि इस बयान के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे सीधे-सीधे धान घोटाला करार देते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीएमओ कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में चूहा जाल लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से डीएमओ को चूहा पकड़ने का पिंजरा भेंट किया।

कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई, गायब धान की राशि की वसूली और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि करोड़ों रुपए के धान का इस तरह गायब होना सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित घोटाले की ओर इशारा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए चूहा-दीमक का तर्क दिया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, कवर्धा जिले में कुल 108 धान खरीदी केंद्र हैं। इनमें से कवर्धा ब्लॉक का बाजार चारभांठा, पंडरिया ब्लॉक का बघर्रा केंद्रों में भारी गड़बड़ी सामने आई है। जांच में दोनों केंद्रों से कुल 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई है। जांच के दौरान फर्जी एंट्री, फर्जी बिल, मजदूरों की फर्जी हाजिरी और सीसीटीवी से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। शिकायत सही पाए जाने पर बाजार चारभांठा केंद्र के प्रभारी प्रीतेश पांडे को हटा दिया गया है। जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने सफाई देते हुए कहा कि यह मामला उनके कार्यकाल से पहले का हो सकता है। उन्होंने कहा कि बघर्रा धान खरीदी केंद्र में जांच जारी है और सभी तथ्यों की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जांच पूरी होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (Congress Protest in Kawardha)

SIT जांच की मांग

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है और सात करोड़ रुपए का धान गायब होना अपने आप में बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों से राशि की वसूली होनी चाहिए। कांग्रेस किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने पूरे मामले को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि चूहों ने धान नहीं खाया, बल्कि दोषी अधिकारियों को बचाने की साजिश रची जा रही है। (Congress Protest in Kawardha)

आंदोलन की चेतावनी

उन्होंने SIT जांच, तत्कालीन प्रभारियों पर केस दर्ज करने और राशि वसूली की मांग की है। मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। फिलहाल 7 करोड़ रुपए के धान की कमी और चूहा-दीमक वाले बयान ने कवर्धा जिले की धान खरीदी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि क्या सच में चूहे-दीमक इस नुकसान के जिम्मेदार हैं या इसके पीछे कोई बड़ा घोटाला उजागर होगा। (Congress Protest in Kawardha)

Back to top button
error: Content is protected !!