रायपुर पुलिस लाइन परिसर में सैकड़ों PPE किट मिलने से हड़कंप, हाई-सिक्योरिटी जोन में लापरवाही

PPE Kits in Police Lines: राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन परिसर और हेलीपैड के पास खाली पड़ी जमीन पर सैकड़ों की संख्या में PPE किट मिलने से हड़कंप मच गया है। ये सभी PPE किट पैकेट में बंद अवस्था में इधर-उधर फेंकी गई थी। जबकि कुछ किट को जलाने की कोशिश भी की गई है, जिसके मौके पर स्पष्ट संकेत मिले हैं। यह मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक बरामद की गई PPE किट साल 2020 की बताई जा रही हैं। यही वह समय था जब देशभर में कोरोना महामारी अपने चरम पर थी और अस्पतालों में PPE किट की भारी कमी देखी जा रही थी।
यह भी पढ़ें:- कवर्धा में 7 करोड़ के धान गायब होने को लेकर सियासी भूचाल, कांग्रेस ने डीएमओ कार्यालय में दिया चूहा जाल
कई जगहों पर डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं मिल पा रहे थे। ऐसे हालात में अब बड़ी संख्या में PPE किट का इस तरह लावारिस हालत में मिलना कई गंभीर सवालों को जन्म दे रहा है। पैकेज में एक PPE किट की कीमत करीब 1800 रुपए लिखी हुई है। इस हिसाब से देखा जाए तो सैकड़ों PPE किट के फेंके जाने से सरकारी संपत्ति के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि अगर ये PPE किट कोरोना काल के दौरान उपलब्ध थी तो उस समय इनका उपयोग क्यों नहीं किया गया। क्या यह लापरवाही थी या फिर किसी स्तर पर गंभीर प्रशासनिक चूक हुई, इसकी जांच जरूरी मानी जा रही है।

हाई-सिक्योरिटी जोन में लापरवाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि इनमें से कई PPE किट को मेडिकल वेस्ट के साथ खुले में जलाने की कोशिश की गई। अगर यह सही पाया जाता है तो यह न सिर्फ पर्यावरण नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा हो सकता है। नियमों के मुताबिक मेडिकल वेस्ट को खुले में जलाना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। पुलिस लाइन और हेलीपैड जैसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी इलाके के पास इस तरह से मेडिकल सामग्री का खुले में पड़े रहना प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह सामग्री वहां पड़ी थी, लेकिन हाल के दिनों में इसकी संख्या और बढ़ गई। (PPE Kits in Police Lines)
सेहत और पर्यावरण दोनों के लिए खतरा
विशेषज्ञों के मुताबिक PPE किट प्लास्टिक और सिंथेटिक सामग्री से बनी होती हैं, जिन्हें खुले में छोड़ना या जलाना पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। अगर इनमें से कुछ किट पहले इस्तेमाल की गई हों तो संक्रमण फैलने का खतरा भी पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये PPE किट किस विभाग या संस्था से संबंधित हैं, इन्हें कहां से लाया गया और पुलिस लाइन परिसर-हेलीपैड के पास फेंकने का निर्देश किसने दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और यह साफ हो पाता है या नहीं कि कोरोना काल की इतनी महत्वपूर्ण सुरक्षा सामग्री आखिरकार यहां कैसे और क्यों पहुंची।




