रायगढ़ के आवारा कुत्तों को मिलेगी बिरयानी-खिचड़ी !, महापौर के निर्देश से मचा बवाल

Politics over Dog Food: रायगढ़ नगर निगम की आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की कोशिश इन दिनों शहर में चर्चा और सियासत का बड़ा मुद्दा बन गई है। मामला कुत्तों की नसबंदी का है, लेकिन बहस उनके खाने तक पहुंच गई। महापौर जीवर्धन चौहान के एक बयान में खिचड़ी, दलिया और बिरयानी जैसे शब्द सामने आते ही राजनीति में स्वाद आ गया। दरअसल, शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या, डॉग बाइट की घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम ने आवारा कुत्तों के नसबंदी अभियान की शुरुआत की है।
इस अभियान के तहत भिलाई की एक एनजीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एनजीओ की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों से कुत्तों को पकड़कर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित केंद्र में ले जाया जाता है, जहां उनका ऑपरेशन किया जाता है। बताया जा रहा है कि तीन डॉक्टरों की टीम यह प्रक्रिया कर रही है और ऑपरेशन के बाद कुत्तों को दो दिन तक निगरानी में रखकर स्वस्थ होने पर वापस छोड़ा जाता है। इसी दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने नसबंदी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने ऑपरेशन के बाद कुत्तों को दिए जाने वाले आहार को लेकर जानकारी ली। इस दौरान उनके मुंह से खिचड़ी, दलिया और बिरयानी देने जैसे शब्द निकल गए। यहीं से पूरा मामला सुर्खियों में आ गया। (Politics over Dog Food)
बयान से उठी सियासत
महापौर के बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे हाथों-हाथ लिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सभापति सलीम नियरिया ने तंज कसते हुए कहा अब क्या आवारा कुत्तों को चिकन या मटन बिरयानी भी परोसी जाएगी ? उन्होंने सवाल उठाए कि अब तक कितने कुत्तों की नसबंदी हुई है ? इसके लिए बजट कहां से आया ? नसबंदी और भोजन की व्यवस्था में कहीं गड़बड़ी तो नहीं ? कांग्रेस नेताओं के बयान के बाद यह मुद्दा नगर निगम की फाइलों से निकलकर सोशल मीडिया, चाय दुकानों और शहर की चर्चाओं तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर मीम्स बनने लगे और लोग इस मुद्दे को लेकर तरह-तरह के व्यंग्य करने लगे। (Politics over Dog Food)
शहर में आवारा कुत्तों का मुद्दा क्यों है गंभीर ?
रायगढ़ शहर में पिछले कुछ समय से आवारा कुत्तों के झुंड, आपसी झगड़े, लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर हमले, रेबीज जैसी बीमारियों की आशंका और सड़क दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हालात सिर्फ रायगढ़ के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में इसी तरह के हैं। इसे देखते हुए शासन स्तर पर भी स्कूलों के आसपास आवारा कुत्तों पर निगरानी के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद महापौर जीवर्धन चौहान खुद सामने आए और सफाई दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने नसबंदी के लिए टेंडर जारी किया है।
दो हिस्सों में बंटी जनता
मेयर ने बताया कि जिस एजेंसी को काम मिला है, वह अपने तय बजट के अनुसार भोजन की व्यवस्था करेगी। कुत्तों को खिचड़ी खिलाई जाए या बिरयानी, इससे निगम को कोई आपत्ति नहीं। निगम का उद्देश्य नसबंदी के बाद कुत्तों की उचित देखभाल सुनिश्चित करना है। महापौर ने कहा कि यह फैसला किसी दिखावे या प्रचार के लिए नहीं, बल्कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। इस पूरे मामले पर रायगढ़ की जनता की राय बंटी हुई नजर आ रही है। समर्थन में लोग कह रहे हैं कि पशु भी जीव हैं, उनके साथ करुणा जरूरी है। भूखे कुत्ते ज्यादा आक्रामक होते हैं। नसबंदी के बाद देखभाल जरूरी है। (Politics over Dog Food)
विरोध में क्या तर्क दे रहे लोग ?
विरोध करने वाले कह रहे हैं कि इंसानों की बुनियादी सुविधाएं अधूरी हैं। गरीबों को भोजन नहीं तो कुत्तों को बिरयानी क्यों ? कुछ ने कहा नगर निगम के पैसे का गलत उपयोग हो रहा है। वहीं कई लोगों ने इस फैसले को दिखावटी और प्रचारात्मक कहा है। राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा गर्म है। विपक्ष इसे जनता की भावनाओं से खिलवाड़ बता रहा है, जबकि सत्तापक्ष इसे संवेदनशील प्रशासन की पहल कह रहा है। आने वाले समय में यह मामला नगर निगम की राजनीति में और रंग ला सकता है।
समाधान या सियासी मसाला…?
विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ भोजन से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नसबंदी और टीकाकरण सबसे अहम कदम हैं। जनसंख्या नियंत्रण के बिना असर अस्थायी रहेगा। फिलहाल इतना तय है कि महापौर जीवर्धन चौहान का यह बयान रायगढ़ को सुर्खियों में ले आया है। अब यह पहल शहर की समस्या का समाधान बनती है या सियासत का मसाला यह आने वाला वक्त बताएगा। हालांकि एक बात जरूर है कि फिलहाल रायगढ़ के आवारा कुत्तों की तो चर्चा और मौज दोनों ही चल रही है। (Politics over Dog Food)



