निर्माणाधीन आंगनबाड़ी का छज्जा गिरने से छठवीं के छात्र की मौत, प्रधान पाठक निलंबित

Balcony of Anganwadi Collapsed: बलरामपुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां वाड्रफनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शरदापुर खुटनपारा स्थित माध्यमिक शाला परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिर गया, जिससे छठवीं कक्षा के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मध्यान्ह भोजन के बाद छात्र खेलते हुए स्कूल परिसर में पहुंचा और पेशाब करने के लिए निर्माणाधीन भवन के छज्जे के नीचे खड़ा हो गया। मृतक की पहचान आलोक कुमार देवांगन (12 साल) के रूप में हुई है, जो शरदापुर गांव का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें:- जनदर्शन में संवेदनशीलता की मिसाल: मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को दिया संबल, बैटरी ट्राइसिकल–व्हीलचेयर–श्रवण यंत्र भेंट
आलोक गुरुवार को रोज की तरह स्कूल गया था। मध्यान्ह भोजन के बाद वह अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते कुछ बच्चे स्कूल परिसर में बन रहे आंगनबाड़ी भवन के पास पहुंच गए। उनके पीछे-पीछे आलोक भी वहां चला गया। इसी दौरान उसे पेशाब लगी और वह छज्जे के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक निर्माणाधीन भवन का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और आलोक मलबे में दब गया। आलोक की आवाज सुनकर स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ की मदद से छज्जा हटाया गया और गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। (Balcony of Anganwadi Collapsed)

घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस अस्पताल पहुंची, शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आलोक के पिता रमेश देवांगन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्कूल की शिक्षिका पूजा गुप्ता ने बताया कि बच्चों ने आकर हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद सभी शिक्षक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। (Balcony of Anganwadi Collapsed)

लापरवाही पर हुई कार्रवाई
इस मामले में प्रशासन ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। शरदापुर खुटनपारा स्थित माध्यमिक स्कूल के प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दूसरे शिक्षकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की निर्माण एजेंसी के तौर पर शरदापुर गांव के सरपंच और सचिव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जनपद पंचायत के सीईओ निजामुद्दीन खान ने कहा कि छज्जा गिरने से बच्चे की मौत हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच एसडीओपी स्तर पर की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर स्कूल परिसरों में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। (Balcony of Anganwadi Collapsed)




