Google Analytics —— Meta Pixel

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का खौफनाक अंत: युवक को शराब में सुहागा मिलाकर बेहोश किया, फिर महानदी में फेंककर की हत्या

Sarangarh Murder Case: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों के लेनदेन और नौकरी दिलाने के नाम पर हुई ठगी के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक को शराब में सुहागा मिलाकर बेहोश किया और फिर उसे महानदी में फेंक दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला कोसीर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान लिलेश साहू (38 साल) के रूप में हुई है, जो सक्ती के हसौद का रहने वाला था।

यह भी पढ़ें:- खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाया मासूम, कुएं में डूबने से 4 साल के बच्चे की मौत

पूरा मामला 20 सितंबर 2023 को सामने आया, जब सारंगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत छर्रा गांव के पास महानदी किनारे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। छर्रा गांव के सुरेश बंजारे की सूचना पर सारंगढ़ पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मामला हत्या का है। पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया। घटनास्थल कोसीर थाना क्षेत्र के सिंघनपुर गांव के मिरौनी डैम में पाया गया, इसलिए सारंगढ़ थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को कोसीर थाना ट्रांसफर किया गया। (Sarangarh Murder Case)

नौकरी लगवाने के नाम पर लिया था पैसा

जांच में सामने आया कि मृतक लिलेश साहू ने नौकरी लगवाने के नाम पर गांव के कुछ लोगों से पैसे लिए थे। उसने चुडामणी साहू (48), नंदकिशोर उर्फ नंदू साहू (28), दुजराम साहू (30), रविशंकर उर्फ दारासिंह और बोधराम साहू उर्फ पउ दादू से 10 हजार से 20 हजार रुपए लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही लिलेश ने पैसे लौटाए। इसी बात को लेकर आरोपियों के मन में रंजिश पनप गई और उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। (Sarangarh Murder Case)

शराब में सुहागा मिलाकर किया बेहोश

पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर 2023 को सभी आरोपी योजनाबद्ध तरीके से लिलेश साहू को हसौद गांव स्थित शराब भट्ठी ले गए। वहां उसे शराब पिलाई गई, जिसमें पहले से सुहागा यानी बोरेक्स मिला दिया गया था। शराब पीते ही लिलेश बेहोश हो गया। बेहोश होने के बाद आरोपी लिलेश को बाइक से सिंघनपुर मिरौनी बैराज ले गए और उसे महानदी में फेंक दिया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले रविशंकर उर्फ दारासिंह और बोधराम साहू उर्फ पउ दादू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वाहन जब्त, जेल भेजे गए आरोपी

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने बुधवार को बाकी तीन आरोपियों चुडामणी साहू, नंदकिशोर उर्फ नंदू साहू और दुजराम साहू को गिरफ्तार किया, जो सक्ती के हसौद के रहने वाले हैं। तीनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश और वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, दो बाइक जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोसीर पुलिस के मुताबिक मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। हत्या की यह वारदात पूरी तरह पूर्व नियोजित थी और पैसों के विवाद के चलते अंजाम दी गई।

जानिए क्या है सुहागा ?

सुहागा को बोरेक्स कहा जाता है। इसका रासायनिक नाम सोडियम बोरेट है। यह एक सफेद रंग का क्रिस्टलीय पाउडर या दानेदार पदार्थ होता है, जिसे परंपरागत रूप से कई घरेलू और औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल किया जाता रहा है। सुहागा का इस्तेमाल आमतौर पर सुनार सोना-चांदी गलाने में, कपड़े धोने और सफाई कार्यों में, कुछ आयुर्वेदिक, घरेलू नुस्खों में कीट नियंत्रण और औद्योगिक रसायनों में, कांच और सिरेमिक उद्योग में होता है। (Sarangarh Murder Case)

शरीर पर सुहागा का प्रभाव जहर जैसा

अगर सुहागा को खाने या पीने में मिला दिया जाए तो यह जहरीले पदार्थ की तरह काम करता है। इससे चक्कर आना और तेज नशा जैसा असर होता है। उल्टी, मतली और पेट दर्द, बेहोशी या अर्धबेहोशी, दिमाग पर असर, शरीर सुन्न पड़ना, हृदय और किडनी पर गंभीर प्रभाव शामिल हैं। ज्यादा मात्रा में लेने पर मौत तक हो सकती है। शराब में मिलाने पर इसका असर और तेज हो जाता है, क्योंकि शराब शरीर में जहर को तेजी से फैलाती है। कानूनी दृष्टि से किसी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सुहागा का इस्तेमाल करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में हत्या या हत्या के प्रयास की धाराएं लगती हैं। इसे जहरीला पदार्थ मानकर कड़ी सजा का प्रावधान है।

Back to top button
error: Content is protected !!