Google Analytics —— Meta Pixel

उत्तर प्रदेश में ऑनर किलिंग से सनसनी, लव मैरिज से नाराज परिजनों ने बेटी और दामाद की गला काटकर हत्या

Honor killing in Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जैथरा थाना क्षेत्र के गढ़िया सुहागपुर गांव में युवती के परिजनों ने ही अपनी बेटी और उसके प्रेमी की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात पूरे गांव के सामने अंजाम दी गई, लेकिन डर के कारण कोई भी उन्हें बचाने आगे नहीं आया। 19 साल की शिवानी और उसके 24 साल के प्रेमी दीपक ने एक महीने पहले प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। दोनों लोधी समाज से ताल्लुक रखते थे। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। शनिवार को शिवानी प्रयागराज से अपने मायके लौटी थी। रविवार रात करीब 8 बजे दीपक उससे मिलने गांव पहुंचा। दोनों शिवानी के घर की छत पर बात कर रहे थे, तभी परिजनों ने उन्हें देख लिया।

यह भी पढ़ें:- युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति: उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा

गुस्से में तमताए घरवालों ने दोनों को गांव के सामने ही लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक परिजनों ने पहले शिवानी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दीपक का भी गला रेत दिया गया। शिवानी का शव छत पर ही पड़ा रहा, जबकि लहूलुहान दीपक को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया गया। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो दीपक की सांसें चल रही थी। उसका तड़पता हुआ वीडियो भी सामने आया है। पुलिस उसे सीएचसी ले गई, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दीपक ने भी दम तोड़ दिया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

शिवानी और दीपक एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के घरों के बीच करीब 150 मीटर की दूरी थी। तीन साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ। परिवार के विरोध के चलते शिवानी को पिछले साल नवंबर में कन्नौज के सकरावां में उसके फूफा के घर भेज दिया गया, लेकिन दोनों फोन पर संपर्क में रहे। 11 नवंबर को शिवानी ने दीपक को मिलने बुलाया। इसके बाद दोनों घर से भागकर प्रयागराज चले गए और उसी दिन आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। बाद में प्रयागराज में किराए के कमरे में रहने लगे। दीपक वहां प्राइवेट नौकरी करता था। (Honor killing in Etah)

15 दिसंबर को थाने में हुआ था समझौता

15 दिसंबर को दोनों परिवार कन्नौज के सकरावां थाने पहुंचे, जहां समझौता हुआ कि लड़की को वापस घर ले जाया जाएगा और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। इसी के बाद शिवानी घर लौटी थी। शिवानी के पिता अशोक कुमार प्राइवेट ड्राइवर हैं। उनकी पत्नी बिट्टो देवी ने आरोपों से इनकार किया है। शिवानी चार बहनों और दो भाइयों में से एक थी। वहीं दीपक अपने माता-पिता और छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। दीपक के चचेरे भाई उमेश कुमार ने कहा कि यह हत्या पूरे गांव के सामने हुई। दीपक बेहद सीधा-सादा था और पिता के साथ खेती-बाड़ी करता था।

एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। लड़की के पिता अशोक कुमार को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके अन्य बेटे फरार हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटों के साथ मिलकर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी कुप्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर करती है। (Honor killing in Etah)

NCRB की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

NCRB रिपोर्ट के मुताबिक देश में ऑनर किलिंग चिंता का विषय बनी हुई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक 2023 में देशभर में ऑनर किलिंग के 70 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। NCRB ऑनर किलिंग को अलग अपराध की श्रेणी में नहीं, बल्कि हत्या के मामलों के तहत दर्ज करता है, जिससे वास्तविक आंकड़े इससे कहीं ज्यादा होने की आशंका जताई जाती है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कई मामलों में पारिवारिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से अपराध को आत्महत्या या घरेलू विवाद के रूप में दर्ज करा दिया जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रेम विवाह और अंतरजातीय रिश्तों को लेकर समाज के एक वर्ग में अब भी असहिष्णुता बनी हुई है, जिसके चलते इस तरह की जघन्य घटनाएं सामने आ रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!