Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर प्रेस क्लब चुनाव परिणाम घोषित: मोहन तिवारी अध्यक्ष, गौरव शर्मा महासचिव बने, ‘संगवारी’ पैनल ने जीते प्रमुख पद

रायपुर। बहुप्रतीक्षित रायपुर प्रेस क्लब चुनाव के लिए हुए मतदान के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई, जिसमें पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चली। इस बार मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहर में मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लगी रहीं।

यह भी पढ़े :- Raipur News: अनमोल न्यूज24 के वार्षिक कैलेंडर-2026 का पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी के करकमलों से हुआ भव्य विमोचन  

घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर मोहन तिवारी, महासचिव पद पर गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार यदु, उपाध्यक्ष पद पर दिलीप कुमार साहू एवं संयुक्त सचिव पद पर निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े निर्वाचित घोषित किए गए।

‘संगवारी’ पैनल का दबदबा
रायपुर प्रेस क्लब चुनाव में ‘संगवारी’ पैनल का वर्चस्व देखने को मिला। संगवारी पैनल से मोहन तिवारी ने अध्यक्ष और गौरव शर्मा ने महासचिव पद के लिए जीत दर्ज की। वहीं संगवारी पैनल से ही कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू विजयी हुए। संकल्प पैनल से उपाध्यक्ष पद पर दिलीप साहू और परिवर्तन पैनल से संयुक्त सचिव पद पर भूपेश जांगड़े निर्वाचित हुए।

वोटों का अंतर
अध्यक्ष पद: मोहन तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रफुल्ल ठाकुर (संकल्प पैनल) को 137 मतों से हराया।
मोहन तिवारी: 268 वोट
प्रफुल्ल ठाकुर: 131 वोट
महासचिव पद: गौरव शर्मा ने संदीप शुक्ला को 41 मतों से पराजित किया।
गौरव शर्मा: 192 वोट
संदीप शुक्ला: 151 वोट
उपाध्यक्ष पद: विजयी प्रत्याशी दिलीप साहू को 121 वोट मिले।
भोलाराम सिन्हा: 118 वोट
राजेश सोनकर: 117 वोट
(तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा।

अध्यक्ष पद के लिए रिकॉर्ड 6 प्रत्याशी

इस बार अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 प्रत्याशी मैदान में थे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उल्लेखनीय रूप से पूर्व अध्यक्ष रहे अनिल पुसदकर, प्रफुल्ल ठाकुर एवं के.के. शर्मा भी चुनाव मैदान में थे, लेकिन तीनों को पराजय का सामना करना पड़ा।

प्रशासन की भूमिका रही अहम

प्रेस क्लब में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी एवं खींचतान के बीच इस बार चुनाव कराने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में निर्वाचन अधिकारी नवीन कुमार ठाकुर, निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार देवांगन एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नंदकुमार चौबे ने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयां दी गईं। वरिष्ठ व सभी पत्रकारों ने निर्वाचन अधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी।

रायपुर प्रेस क्लब चुनाव में विजयी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अनमोल न्यूज24 एवं मासिक पत्रिका ‘अरपा छत्तीसगढ़’ की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी का कार्यकाल पत्रकार हित में ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहे—यही मंगलकामना।

Back to top button
error: Content is protected !!