Google Analytics —— Meta Pixel

पति की शराब की लत ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, बच्ची संग गैर मर्द के साथ दूसरे प्रदेश पहुंची पत्नी

High Voltage Drama in Korba: कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति की शराब पीने की आदत से तंग आकर पत्नी न सिर्फ ससुराल छोड़कर फरार हो गई, बल्कि दूसरे प्रदेश जाकर एक गैर मर्द के साथ रहने लगी। मामला जब पुलिस तक पहुंचा तो मानिकपुर चौकी में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवाओं में शराब पीने का चलन तो आम है, लेकिन जब यही लत शादीशुदा जिंदगी में प्रवेश कर जाती है तो उसका अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है, इसकी बानगी यह मामला है। दरअसल, सोमवार की शाम कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धान की गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, कई जिलों के राइस मिलों पर छापा, करोड़ों का धान जब्त

महिला का आरोप था कि उसका पति शराबी है और रोज शराब पीकर घर में लड़ाई-झगड़ा करता है। जानकारी के मुताबिक मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार महंत मोहल्ला निवासी मनोज यादव की शादी करीब 6-7 साल पहले सक्ती जिले के सकर्रा की रहने वाली रुक्मणी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही रुक्मणी को पता चला कि उसका पति मनोज यादव शराब पीने का आदी है। शादी के एक साल बाद दोनों की एक बेटी हुई, लेकिन बेटी के जन्म के बाद भी मनोज यादव की शराब की आदत नहीं छूटी। बल्कि दिन-प्रतिदिन यह लत बढ़ती चली गई। रोज शराब पीने की वजह से घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी और पैसों को लेकर आए दिन विवाद होने लगे।

झूठ बोलकर गैर मर्द के साथ तेलंगाना फरार

बताया जा रहा है कि बच्ची स्कूल जाने की उम्र में पहुंच चुकी थी, लेकिन पति शराब पर पैसे खर्च करता रहा और घर के जरूरी सामान, बच्ची की पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान नहीं दिया। इससे तंग आकर रुक्मणी ने एक बड़ा और चौंकाने वाला कदम उठा लिया। रुक्मणी ने ससुराल में यह कहकर घर छोड़ा कि वह अपनी बुआ के यहां जा रही है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। दरअसल, वह अपनी बेटी को साथ लेकर किसी गैर मर्द के साथ तेलंगाना चली गई और वहीं अपनी नई गृहस्थी बसाने लगी। काफी दिनों तक जब रुक्मणी का कोई पता नहीं चला तो ससुरालवालों ने पहले मायके और बुआ के घर में तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मानिकपुर चौकी में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मोबाइल ट्रैकिंग से तेलंगाना में मिला सुराग

मानिकपुर चौकी पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान किसी अन्य मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस तेलंगाना पहुंची, जहां मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर रुक्मणी का पता चल गया। पुलिस ने महिला को वहां से बरामद कर कोरबा लाया। कोरबा लाए जाने के बाद पुलिस ने रुक्मणी के मायके और ससुराल दोनों पक्षों को चौकी बुलाया, लेकिन यहां मामला और बिगड़ गया। रुक्मणी ने साफ शब्दों में पति के साथ जाने से इनकार कर दिया और चौकी परिसर में ही पति की शराब पीने की आदत को लेकर अपना दुखड़ा रोने लगी।

मानिकपुर चौकी में हाईवोल्टेज ड्रामा

महिला को समझाने के लिए उसके मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद रामगोपाल कुर्रे भी मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर महिला को समझाने की कोशिश की। बावजूद इसके रुक्मणी अपनी जिद पर अड़ी रही और पति के साथ जाने से मना करती रही। काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार महिला ने एक शर्त रख दी। उसने कहा कि अगर पति शराब नहीं पीने का लिखित शपथ पत्र देगा, तभी वह उसके साथ ससुराल जाएगी। महिला की इस मांग के बाद पति मनोज यादव और ससुराल वालों ने शराब नहीं पीने का शपथ पत्र देने पर सहमति जताई। इसके बाद ही रुक्मणी मानने को तैयार हुई और मायके वालों के साथ पति के घर लौट गई।

सोचने पर मजबूर करता है यह मामला

यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या शराब की लत परिवार से ज्यादा जरूरी है ? आए दिन शराब की वजह से घरों में कलह, विवाद और रिश्तों का टूटना आम बात हो गई है। जरूरत इस बात की है कि समय रहते इस आदत पर लगाम लगाई जाए, ताकि परिवार बिखरने से बच सकें। यह मामला सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि समाज के लिए चेतावनी है कि अगर शराब पर वक्त रहते लगाम नहीं लगी तो रिश्ते यूं ही बिखरते रहेंगे। सवाल यही है कि क्या एक लत परिवार से ज्यादा बड़ी हो सकती है ? शपथ पत्र के बाद मामला शांत जरूर हुआ है, लेकिन यह घटना सोचने पर मजबूर करती है कि शराब किस तरह धीरे-धीरे पूरे परिवार को बर्बादी की ओर धकेल देती है। जरूरत है समय रहते इसे रोकने की।

Back to top button
error: Content is protected !!