पैसे की भूख ने बिगाड़ दी गांव की परंपरा, उरमाल में सालों से होता आ रहा ओपेरा इस बार बना अश्लील तमाशा

Gariaband Dance Controversy: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सार्वजनिक स्थल पर आयोजित अश्लील डांस कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आते ही पुलिस ने आयोजन समिति के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई एसडीएम स्तर पर देखने को मिली है। वायरल वीडियो में आयोजन स्थल पर मौजूद रहकर बार डांसरों के साथ ठुमके लगाने और खुलेआम पैसे उड़ाने वाले एसडीएम तुलसी दास को कलेक्टर ने पद से हटा दिया है।
यह भी पढ़ें:- पति की शराब की लत ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, बच्ची संग गैर मर्द के साथ दूसरे प्रदेश पहुंची पत्नी
कलेक्टर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अपर कलेक्टर की निगरानी में एक विशेष जांच टीम गठित की है, जिसे 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि अगर जांच में एसडीएम दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ बर्खास्तगी जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी छत्तीसगढ़िया संस्कृति को तार-तार करने की हिम्मत न कर सके। करीब 2 हजार की आबादी वाले उरमाल गांव में ओपेरा जैसे मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन कोई नई बात नहीं है। बीते कई सालों से यह आयोजन एक-दो साल के अंतराल पर होता रहा है, लेकिन इस बार आयोजकों ने ज्यादा मुनाफे के लालच में कार्यक्रम के स्वरूप को पूरी तरह अश्लीलता से भर दिया।
नियमों को ताक पर रखकर दी गई अनुमति
जानकारी के मुताबिक आयोजन के लिए 5 जनवरी से 10 जनवरी तक की अनुमति दी गई थी। जबकि किसी भी ऐसे कार्यक्रम की अनुमति के लिए करीब 15 दिन की प्रक्रिया, तहसीलदार और थाना प्रभारी की अभिमत अनिवार्य होती है। आरोप है कि इन नियमों को नजरअंदाज कर एसडीएम ने अनुमति दे दी। एसडीएम की हरी झंडी मिलते ही आयोजकों ने 6 दिवसीय आयोजन के अंतिम 3 दिनों में अश्लील कार्यक्रम परोसने की योजना बनाई। 200 रुपए की टिकट को 400 रुपए तक में बेचा गया। 8 जनवरी को मोटी कमाई के बाद 9 जनवरी की रात खुद एसडीएम आयोजन स्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि एसडीएम के लिए आगे की कुर्सी लगाई गई, विशेष आवभगत की गई। (Gariaband Dance Controversy)
SDM का अशोभनीय व्यवहार, वीडियो में कैद
रात करीब 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान एसडीएम और उनके साथ बैठे समर्थक खुलेआम पैसे उड़ाने लगे, वीडियो बनाते रहे। इतना ही नहीं वीडियो में एसडीएम को बार डांसरों का हाथ पकड़कर ओड़िया अश्लील गानों पर ठुमके लगाते हुए देखा गया। बार डांसरों की कामुक अपील के चलते 500 लोगों की क्षमता वाले आयोजन में दोगुनी भीड़ जुट गई। एक-एक कर कपड़े उतरते गए, भीड़ बेकाबू होती रही और पैसे लुटाने का सिलसिला चलता रहा। मौके पर मौजूद मैनपुर अनुभाग के प्रोटोकॉल अधिकारी एसडीएम भी पद की मर्यादा भूलकर भीड़ का हिस्सा बने रहे। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप है। कलेक्टर ने कहा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



