Google Analytics —— Meta Pixel

राजधानी के बस टर्मिनल में आग का तांडव, कई बसें स्वाहा

The Burning Bus : राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में खड़ी बसों में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे पांच बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना देर रात की बताई जा रही है।

यह भी पढ़े :- Mary Kom Controversy : मैरी कॉम विवाद में नया मोड़, पूर्व पति ने लगाए सनसनीखेज आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी बसों से अचानक धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। इस दौरान कई लोगों ने आग की भयावह तस्वीरें और वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग से बस संचालकों को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस टर्मिनल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। (The Burning Bus)

प्रशासन ने घटना की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। इस हादसे ने बस टर्मिनल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस संचालकों और यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। (The Burning Bus)

Back to top button
error: Content is protected !!