मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय

Tatapani Mahotsav 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर जिले में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है और यह भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का सशक्त प्रतीक है। मुख्यमंत्री साय ने तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए हर साल 25 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने तपेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में प्राचीन शिव चबूतरे पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर लगे वंशवाद के आरोप
मुख्यमंत्री साय ने जिला मुख्यालय बलरामपुर में शासकीय महिला कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल, डाइट संचालन हेतु भवन, और जिला पंजीयन कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने 655 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले को विकास की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार के दो साल पूरा हो चुके हैं और छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए हर वादे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक पात्र हितग्राही को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। (Tatapani Mahotsav 2026)

CM साय ने कहा कि अब किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिल रहा है। 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। 5 लाख से ज्यादा भूमिहीन किसानों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 10-10 हजार रुपए प्रदान किए जा रहे हैं।रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की तीर्थ यात्रा कराई जा चुकी है। इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
बच्चों संग पतंग उड़ाकर मनाई मकर संक्रांति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तातापानी में 60 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा के समीप स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और आत्मीय वातावरण में मनाया। इस भावपूर्ण दृश्य ने पर्व की सांस्कृतिक गरिमा के साथ-साथ बच्चों के चेहरे पर उल्लास और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विवाह बंधन में बंधे 200 जोड़ों को उनके नवदाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं प्रदान की और उनके जीवन में प्रेम, विश्वास और समृद्धि से भरे उज्ज्वल भविष्य की कामना की। (Tatapani Mahotsav 2026)
CM ने कुम्हार चाक घुमाकर दिया शिल्पकारों को सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पारंपरिक माटीकला और ग्रामीण हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करते हुए राजपुर विकासखंड के ग्राम आरा निवासी कुम्हार शिवमंगल के साथ स्वयं चाक पर मिट्टी डालकर चाक चलाया, जिससे शिल्पकारों में नया उत्साह और आत्मविश्वास झलक उठा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम स्थल पर विभागों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छत्तीसगढ़ की परंपरा और प्रगति के सुंदर संगम को करीब से महसूस किया। प्रदर्शनी में जनजातीय व्यंजन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसे नवाचारों से जुड़े स्टॉलों ने यह दिखाया कि छत्तीसगढ़ अपनी जड़ों से जुड़ा रहकर भी भविष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।




