Google Analytics —— Meta Pixel

कुर्मी क्षत्रिय समाज के सम्मेलन में भड़के पूर्व CM भूपेश बघेल, मंच से बोले- सम्मान नहीं दे सकते तो बुलाया ही मत करो

Former CM Baghel Angry: बालोद जिले में कुर्मी क्षत्रिय समाज के वार्षिक सम्मेलन के दौरान उस वक्त विवाद की स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मंच से भाषण के बीच टोक दिया गया। इस पर भूपेश बघेल नाराज हो गए और मंच से ही कड़े शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर सम्मान नहीं दे सकते तो किसी को कार्यक्रम में बुलाना ही नहीं चाहिए। दरअसल, 18 जनवरी को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में कुर्मी क्षत्रिय समाज का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर अतिथि शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें:- रामायण हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्य का मार्ग दिखाती है- विधायक इन्द्र साव

मंच से अपने संबोधन के दौरान उन्होंने किसानों, धान खरीदी व्यवस्था और धान से जुड़े मामलों को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। बघेल जब धान खरीदी, धान उठाव और किसानों का जिक्र कर रहे थे, उसी दौरान मंच पर मौजूद समाज के महामंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि यह एक सामाजिक कार्यक्रम है और यहां राजनीतिक विषयों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भड़क गए। भूपेश बघेल ने मंच से कहा कि किसान के हित की बात करना राजनीति कैसे हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि मंच पर दूसरे दल के लोग बैठे हैं, जिन्हें उनकी बातें मिर्ची लग रही है, लेकिन वे इस पर कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्हें उनकी बातों से तकलीफ हो रही है, उनके लिए वे खेद व्यक्त नहीं करते।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

भाषण के दौरान भूपेश बघेल ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी और उठाव की प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी है, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा सिस्टम फेल हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि धान से भरे ट्रक गायब हो रहे हैं और कई दिनों बाद जंगलों में लावारिस हालत में मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि या तो निगरानी तंत्र कमजोर है या फिर व्यवस्था के भीतर बड़ी गड़बड़ी चल रही है। मंच से टोकने के बाद भूपेश बघेल ने समाज के आयोजकों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर किसी को किसी कार्यक्रम में बुलाया जाता है तो उसे सम्मान देना भी सीखना चाहिए।

भाजपा नेताओं की मंच पर मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान मंच पर समाज के महामंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र देशमुख, भाजपा नेत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, छगन देशमुख, पुष्पेंद्र चंद्राकर समेत भाजपा के कई बड़े पदाधिकारी मौजूद थे। भूपेश बघेल ने सरकार के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि अब सरकार खुद यह कह रही है कि 30 करोड़ रुपए का धान चूहा खा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकारी गोदामों में रखा धान सुरक्षित नहीं है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है। उन्होंने कहा कि यह बयान ही अपने आप में सिस्टम की हालत बयां करता है। बघेल ने कहा कि इस बार तय समय में धान खरीदी पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे ही रहे तो करीब 30 प्रतिशत किसान समय पर धान नहीं बेच पाएंगे। उन्होंने धान बेचने की प्रक्रिया की तुलना गंगा नहाने से की।

PCC चीफ बदलने के सवाल पर जवाब

मीडिया से बातचीत में PCC चीफ बदलने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि PCC चीफ कौन बदल रहा है, यह उन्हें कहीं सुनाई नहीं दिया और अगर किसी को पता है तो वही बताए। वहीं इस पूरे मामले पर भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि भूपेश बघेल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ बोलकर राजनीतिक मंच बना लिए थे तो मैंने कहा दाऊ ये सामाजिक मंच है, समाज के बारे में भी बोलो तो इसी बात में नाराज हो गए। ऐसा लग रहा है समाज और सामाजिक विषयों को लेकर नहीं, बल्कि कांग्रेसीकरण करने मंच पर आए थे। राजनीति करना था तो कांग्रेस की सभा आयोजित कर लेना था। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल मंच पर सरकार विरोधी बयान देने लगे। हमने निवेदन कर मना किया तो राजनीतिक प्रोपगेंडा बना लिया। अब चीढ़ क्यों रहे हैं।

बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर का तंज

उन्होंने कहा कि मैं कार्यक्रम का संयोजक रहा हूं। भाषण के दौरान पीछे बैठा था। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि इज्जत मांगने से नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल अपना महत्व दिखाने के लिए समाज पर भड़क रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने भी भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस और भूपेश बघेल राजनीति करने के लिए ही जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय धान में साढ़े 6 प्रतिशत सूखत हुई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि भाजपा सरकार सुशासन के साथ चल रही है और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बालोद का यह सम्मेलन सुर्खियों में आ गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!