नियुक्ति की मांग को लेकर CAF अभ्यर्थियों का गृहमंत्री आवास पर प्रदर्शन
CG CAF Recruitment : छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) में वर्ष 2018 में निकाली गई भर्ती के वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थी पिछले सात वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 417 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में शामिल किया गया था, लेकिन आज तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पाई है। जबकि CAF में वर्तमान में तीन हजार से अधिक पद रिक्त बताए जा रहे हैं।
नौकरी न मिलने से निराश कई अभ्यर्थी अब वैकल्पिक रोजगार अपनाने को मजबूर हो चुके हैं, वहीं अनेक अभ्यर्थी पिछले सात वर्षों से लगातार विभागीय कार्यालयों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं। बीते एक माह से वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी अपने परिवार और बच्चों के साथ नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर धरने पर बैठे हुए हैं।
मंगलवार को अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर चौथी बार गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के साथ बल प्रयोग किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक गृहमंत्री से सीधी मुलाकात कर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे अपना धरना समाप्त नहीं करेंगे। इससे पहले दो बार गृहमंत्री से मुलाकात में उन्हें आश्वासन मिला था, लेकिन तीसरी बार मुलाकात नहीं हो सकी। (CG CAF Recruitment )
फिलहाल गृहमंत्री आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग पर अडिग हैं। (
CG CAF Recruitment )



