Google Analytics —— Meta Pixel

दहेज की आग ने ली एक और विवाहिता की जान, पति पर पिटाई कर जहर पिलाने का आरोप

Murder For Dowry: कबीरधाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव का है, जहां आरोप है कि पति ने पहले पत्नी की पिटाई की और फिर जहर पिलाकर उसकी जान ले ली। मृतिका की पहचान लोकेश्वरी साहू के रूप में हुई है। मायके पक्ष का आरोप है कि लोकेश्वरी को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के दिन आरोपी पति जोहन साहू ने दहेज को लेकर विवाद के बाद पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में उसे जहर पिला दिया।

यह भी पढ़ें:- राजनांदगांव में धर्मांतरण नेटवर्क का बड़ा खुलासा, पनिका बाकल तक फैली जांच की आंच

घटना के बाद आरोपी पति ने अपने अपराध को छिपाने के उद्देश्य से लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और हत्या के आरोप में आरोपी पति जोहन साहू को गिरफ्तार कर लिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। (Murder For Dowry)

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

इधर, मृतिका के मायके पक्ष वाले SP कार्यालय पहुंचे, जिन्होंने मृतिका के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतिका के पिता लेखराम साहू ने कहा कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और जहर पिलाकर उसकी हत्या की। परिजनों ने आरोपी पति के माता-पिता की भी इस घटना में संलिप्तता होने की आशंका जताई है। मामले को लेकर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Murder For Dowry)

Back to top button
error: Content is protected !!