Char Dham Yatra 2026 : अक्षय तृतीया से शुरू होगी चारधाम यात्रा, इस बार 11 दिन पहले खुलेंगे कपाट, श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी
Char Dham Yatra 2026 : उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्ष 2026 में चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra 2026) पिछले साल की तुलना में 11 दिन पहले शुरू होगी। इस बार यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा।
पिछले वर्ष (2025) चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से प्रारंभ हुई थी, लेकिन शुभ तिथियों के संयोग के चलते इस बार यात्रा पहले शुरू की जा रही है।
यह भी पढ़े :- बिना FIR जेल भेजा गया होटल कारोबारी, हाईकोर्ट ने पुलिस को फटकारा, सरकार को 1 लाख मुआवजा देने का आदेश
यात्रा अवधि बढ़ने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय मिलेगा। साथ ही स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी संचालकों और व्यापारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। अनुमान है कि अतिरिक्त 11 दिनों से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
अक्षय तृतीया का विशेष महत्व
चारधाम यात्रा की शुरुआत के लिए अक्षय तृतीया को अत्यंत शुभ माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया कहा जाता है। ‘अक्षय’ का अर्थ है—जिसका कभी क्षय न हो।
शास्त्रों के अनुसार इस दिन किया गया दान-पुण्य और जप अनंत फल देने वाला होता है। इसी दिन से सतयुग और त्रेतायुग का आरंभ भी माना जाता है। बद्रीनाथ धाम सहित गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खोलने के लिए यह दिन सर्वाधिक शुभ माना जाता है।
पिछले साल की चुनौतियों से सबक
वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा कई चुनौतियों से घिरी रही थी। सीमा पर तनाव और धराली-थराली क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं के चलते यात्रा कई बार बाधित करनी पड़ी। सुरक्षा कारणों से प्रशासन को यात्रा रोकने जैसे कड़े फैसले भी लेने पड़े थे। इन अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही सतर्क नजर आ रहा है।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश में चारधाम यात्रा की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा पूरी कर ली है। सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और श्रद्धालुओं के पंजीकरण को लेकर विस्तृत योजना बनाई जा रही है। (Char Dham Yatra 2026)



