Google Analytics —— Meta Pixel

कमिश्नर प्रणाली से पुलिस को मिले सीधे अधिकार, डॉ. संजीव शुक्ला के हाथ में रायपुर की कमान

Raipur Commissionerate System: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस व्यवस्था के इतिहास में एक बड़ा और निर्णायक बदलाव हुआ है। 23 जनवरी से रायपुर शहर के 21 थानों में औपचारिक रूप से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू कर दी गई है। इस व्यवस्था के लागू होने के साथ ही रायपुर को उसका पहला पुलिस कमिश्नर भी मिल गया है। 2004 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण किया। सरकार का दावा है कि इस नई व्यवस्था से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, पुलिस की निर्णय क्षमता बढ़ेगी। साथ ही आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें:- शिक्षापत्री द्विशताब्दी महोत्सव को PM मोदी ने किया संबोधित, कहा-भारत ज्ञानयोग की भूमि 

रायपुर में अब तक पुलिस प्रशासन जिला मजिस्ट्रेट (DM) पर कई अहम फैसलों के लिए निर्भर था। किसी भी बड़ी कार्रवाई जैसे धारा 144 लागू करना, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने के लिए पुलिस को डीएम की अनुमति लेनी पड़ती थी, लेकिन कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद ये सभी अधिकार अब सीधे पुलिस कमिश्नर को मिल गए हैं। इसका सीधा मतलब है कि फैसलों में देरी खत्म, फाइलों का बोझ कम, कानून-व्यवस्था पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई। अब रायपुर पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली एजेंसी नहीं, बल्कि कई मामलों में निर्णय लेने वाली अथॉरिटी भी बन गई है। (Raipur Commissionerate System)

जोन सिस्टम लागू, DCP होंगे सीधे जिम्मेदार

कमिश्नर प्रणाली के तहत रायपुर शहर को कई जोन में विभाजित किया गया है। इन जोनों की जिम्मेदारी डीसीपी (Deputy Commissioner of Police) स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जो अब लगभग एसएसपी के समान अधिकारों के साथ काम करेंगे। इससे हर इलाके की पुलिसिंग पर सीधी निगरानी, अपराध नियंत्रण में जवाबदेही तय और स्थानीय स्तर पर त्वरित निर्णय संभावित फायदे माने जा रहे हैं। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से महिला सुरक्षा को लेकर तुरंत कार्रवाई, ट्रैफिक कंट्रोल बेहतर और छोटे लेकिन परेशान करने वाले अपराधों पर तेज एक्शन संभव हो सकेगा। आम जनता के लिए सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब शिकायत, कार्रवाई और समाधान तीनों की रफ्तार तेज होगी। अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत भी काफी हद तक कम होगी।

कौन हैं रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर ?

59 साल के डॉ. संजीव शुक्ला एक शिक्षक परिवार से आते हैं। उन्होंने रायपुर के दुर्गा कॉलेज से एम.कॉम की पढ़ाई की। छात्र जीवन के दौरान वे राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे, जिसका प्रभाव उनकी प्रशासनिक समझ और नेतृत्व शैली में साफ दिखाई देता है। साल 1990 में MPPSC के माध्यम से राज्य पुलिस सेवा में चयन हुआ। बाद में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिली। डॉ. शुक्ला जशपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, रायपुर और दुर्ग जैसे जिलों में एसपी-एसएसपी रह चुके हैं। इसके अलावा कांकेर में डीआईजी, CID प्रमुख, पुलिस अकादमी चंदखुरी में उपसंचालक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं। (Raipur Commissionerate System)

राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित

डॉ. संजीव शुक्ला को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी कार्यशैली को प्रशासनिक हलकों में अनुशासित, सख्त और परिणाम देने वाली माना जाता है। कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद डॉ. संजीव शुक्ला के सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी, जिसमें बढ़ती शहरी आबादी में कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला और बच्चों की सुरक्षा शामिल हैं। हालांकि कुछ वर्गों में यह चिंता भी है कि पुलिस को ज्यादा अधिकार मिलने से दुरुपयोग की आशंका हो सकती है। इस पर प्रशासन का कहना है कि हर कार्रवाई पर कानूनी निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। कुल मिलाकर पुलिस कमिश्नर प्रणाली रायपुर में पुलिसिंग का नया और आधुनिक मॉडल है। यह व्यवस्था जनता के लिए सुरक्षा का भरोसा बनेगी या चिंता का कारण यह आने वाला वक्त तय करेगा। फिलहाल रायपुर पुलिस तेज फैसलों और सख्त कार्रवाई के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है।

Back to top button
error: Content is protected !!