नालंदा परिसर फेज-2 में पढ़ने वाले युवा गढ़ेंगे अपनी सफलता का नया इतिहास: साव
Nalanda Campus Phase 2: डिप्टी CM और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने रायपुर में नए नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया। एनआईटी के सामने जीई रोड के किनारे 21 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से इस 1017 सीटर नालंदा परिसर फेज-2 का निर्माण किया जा रहा है। इससे शहर में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को तैयारी का अच्छा माहौल मिलेगा। उन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन लाइब्रेरी के साथ ही अच्छी गुणवत्ता की अध्ययन सामग्री भी मिल सकेगी। इस कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी शामिल हुईं।
यह भी पढ़ें:- बोर्ड परीक्षाएं हमारे जीवन के लक्ष्य की ओर बढ़ने की पहली सीढ़ी: राज्यपाल रमेन डेका
डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 में आने वाले विद्यार्थियो को माता सरस्वती की कृपा प्राप्त होगी। नालंदा परिसर फेज-2 इस बात का उदाहरण है कि विष्णुदेव साय की सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए सभी संसाधन मुहैया कराने के लिए तत्पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान में संचालित नालंदा परिसर की तरह ही यह नया परिसर भी युवाओं के लिए बहुत लाभप्रद होगा और यहां अध्ययन करने वाले युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का नया इतिहास गढ़ेंगे। साव ने कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए। वन और रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से राजधानीवासियों को शानदार सौगात मिल रही है।

उन्होंने कहा कि डिप्टी CM अरुण साव के नेतृत्व में और स्थानीय विधायक राजेश मूणत की लगातार कोशिशों के परिणाम शहर को मिल रहे हैं। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने नालंदा परिसर फेज-2 के निर्माण के लिए डिप्टी CM अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एजुकेशन हब में हम शिक्षा का विकास करने का संकल्प पूरा करेंगे। यहां चारों ओर शिक्षण संस्थाएं हैं। पिछले दो सालों में रायपुर शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का अच्छा विकास हुआ है। निर्माण और विकास के कार्यों में तेजी आई है। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह जगह शहर का हृदय स्थल है और यहां चारों ओर बड़ी शिक्षण संस्थाएं हैं। इन संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को नए नालंदा परिसर का भरपूर लाभ मिलेगा। यह उनके कैरियर के निर्माण में बहुत उपयोगी साबित होगा।
ऐसा होगा नया नालंदा परिसर
रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि 21 करोड 7 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 1017 सीटर नालंदा परिसर फेज-2 में 90 सीटों वाला व्याख्यान कक्ष भी रहेगा, जो किराए पर उपलब्ध रहेगा। साथ ही 24 घंटे को-वर्किंग स्पेस, 950 से ज्यादा दोपहिया वाहनों और 75 से अधिक चार पहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता, कैफेटेरिया, जिम, स्पोर्ट्स जोन, बच्चों का खेल क्षेत्र, इंडोर गेम्स की भी सुविधाएं मिलेंगी। नगरीय प्रशासन और विकास विभाग की कड़ी मॉनिटरिंग में पूर्ण गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में इसका निर्माण पूर्ण किया जाएगा। (Nalanda Campus Phase 2)




