Google Analytics —— Meta Pixel

रेल अफसरों पर भड़के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बोले- अब नहीं चलेंगे गोलमोल जवाब

Union Minister of State Tokhan: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर रेल मंडल में रेल अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अब रेलवे अधिकारियों के गोलमोल और अधूरे जवाब नहीं चलेंगे। भ्रष्टाचार, लेटलतीफी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोपों पर रेलवे से पूरा और स्पष्ट हिसाब मांगा गया है। दरअसल, बिलासपुर में आयोजित जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों की एक अहम बैठक से पहले ही केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रेलवे अधिकारियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। 

यह भी पढ़ें:- पैसों के दबाव में टूटा परिवार, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की फांसी लगाकर जान देने की कोशिश, PNB कर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप

उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डीजीएम को एक विस्तृत एजेंडा पत्र भेजते हुए निर्देश दिए कि बैठक की पूरी तैयारी उसी के अनुरूप की जाए और सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहें। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि सांसदों और विधायकों द्वारा भेजे गए सुझावों और पत्रों पर रेलवे प्रशासन या तो चुप्पी साध लेता है या फिर औपचारिक और गोलमोल जवाब देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करता है। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने पिछले एक साल में जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए सभी पत्रों और उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। (Union Minister of State Tokhan)

अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने बिलासपुर पार्सल ऑफिस में सामने आई भ्रष्टाचार की शिकायतों को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों का तत्काल शहर से बाहर तबादला किया जाए, ताकि भ्रष्टाचार के कथित नेटवर्क को तोड़ा जा सके। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर में पार्किंग और साइकिल स्टैंड में हो रही अवैध वसूली पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में बुधवारी बाजार समेत लंबे समय से अटकी परियोजनाओं पर मंडल प्रशासन के रवैये को लेकर भी सवाल उठाए गए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जयरामनगर रोड ओवरब्रिज के निर्माण को युद्धस्तर पर पूरा करने और सिरगिट्टी क्षेत्र में पक्की नाली और सड़क निर्माण के लिए तत्काल एनओसी जारी करने की मांग रखी। (Union Minister of State Tokhan)

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की दो टूक

रेल सेवाओं को लेकर बढ़ती जन शिकायतों पर भी मंत्री ने सख्ती दिखाई। उन्होंने ट्रेनों के बार-बार रद्द होने और घंटों की देरी को लेकर रेलवे से एक साल की पूरी रिपोर्ट तलब की है। इसके साथ ही बिलासपुर-नागपुर और बिलासपुर-झारसुगुड़ा रूट पर स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली कवच को जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में हुई मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर की घटना की जांच रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री ने चकरभाठा स्टेशन को पूर्ण स्टेशन के रूप में विकसित करने और उसका नाम बदलकर ‘श्री झूलेलाल नगर’ किए जाने का प्रस्ताव भी रखा। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब गोलमोल जवाब नहीं चलेंगे। रेलवे को जवाबदेही तय करनी होगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि बैठक के बाद रेलवे प्रशासन जनप्रतिनिधियों की बातों पर कितना अमल करता है, या फिर पुरानी कार्यशैली पर ही चलता रहता है।

Back to top button
error: Content is protected !!