Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के सभी मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ संपत्तियों पर 26 जनवरी को फहराया जाएगा तिरंगा, ध्वजारोहण के लिए मिलेगा आर्थिक सहयोग

Chhattisgarh Waqf Board: छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने गणतंत्र दिवस 2026 को लेकर एक अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि 26 जनवरी को देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य की सभी मस्जिदों, मदरसों, दरगाहों, इमामबाड़ों और वक्फ कार्यालयों के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अनिवार्य रूप से फहराया जाएगा। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने इस फैसले को देशभक्ति, संविधान के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यौमे जम्हूरिया (गणतंत्र दिवस) पूरे देश के लिए गर्व का पर्व है और इसमें हर समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

यह भी पढ़ें:- रेल अफसरों पर भड़के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बोले- अब नहीं चलेंगे गोलमोल जवाब

इस फैसले की सबसे अहम बात यह है कि ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाली वक्फ संपत्तियों को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा। इस अनुदान में माइक, टेंट, मिठाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल होंगी, ताकि कार्यक्रम सम्मानजनक और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। डॉ. सलीम राज ने कहा कि यह पहल सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस कदम है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि भारत सूफी-संतों की धरती है, जहां गंगा-जमुना तहज़ीब के तहत सभी धर्म और समाज के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। (Chhattisgarh Waqf Board)

गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण हमारा कर्तव्य: डॉ. राज

उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म भी देश से मोहब्बत और संविधान के सम्मान का संदेश देता है। इसलिए गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण हमारा कर्तव्य है। डॉ. सलीम राज ने कड़े शब्दों में कहा कि जो लोग तिरंगा फहराने का विरोध करते हैं, वे देशभक्त नहीं, बल्कि देशद्रोही मानसिकता के लोग हैं, जिन्हें तिरंगे से तकलीफ है, उन्हें भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का मुसलमान पूरी तरह वतनपरस्त है और कुछ नामनिहाद लोगों की वजह से पूरे समाज को शक की निगाह से देखना गलत है। (Chhattisgarh Waqf Board)

राष्ट्रीय पर्वों में भागीदारी निभाना हर नागरिक की जिम्मेदारी: डॉ. राज

डॉ. राज ने कहा कि यह धारणा फैलाई जाती रही है कि मुस्लिम समाज राष्ट्रीय आयोजनों से दूर रहता है, जबकि यह सच्चाई नहीं है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि हम इस मिथक को तोड़ना चाहते हैं। हमारी हर इबादतगाह से तिरंगा लहराए, यही हमारी सोच है। वक्फ बोर्ड के इस फैसले का मुस्लिम समुदाय ने खुले दिल से स्वागत किया है। समुदाय के लोगों का कहना है कि जाति और धर्म से ऊपर हमारा देश है। देशभक्ति हर नागरिक का कर्तव्य है और इस फैसले से राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी। लोगों ने यह भी कहा कि शासन-प्रशासन के साथ मिलकर चलना और राष्ट्रीय पर्वों में भागीदारी निभाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

केबिनेट मंत्री का दर्जा

Back to top button
error: Content is protected !!