Balodabazar News: हनुमत महायज्ञ में संगीतमय प्रस्तुतियों का जादू, देर रात तक झूमते रहे दर्शक, मंत्री टंकराम वर्मा का यज्ञ समिति ने जताया आभार
Balodabazar News : बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान स्थित यज्ञ स्थल में आयोजित ग्यारह दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ में संध्याकालीन धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग इन मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़े :- जन जागरूकता से आएगी सड़क दुर्घटनाओं में कमी- मुख्यमंत्री साय
कार्यक्रमों की श्रृंखला में श्रीलंका से आए कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति हो, भाटापारा के डॉ. ललित ठाकुर एवं सहयोगियों की छत्तीसगढ़ी वनवासी राम की संगीतमय नाट्य-प्रस्तुति हो, दीपक केशरी व गोवर्धन शर्मा की सुरों से सजी भजन संध्या हो—हर प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक यज्ञ स्थल में बैठने को विवश किया। वहीं राजनांदगांव के प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायक महादेव हिरवानी (साहू) एवं सहयोगियों के धरोहर सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी खूब वाहवाही बटोरी।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जनसेवा समिति, बलौदाबाजार द्वारा ग्यारह दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया है, जिसमें दिन में दो पालियों में महायज्ञ और संध्याकाल धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं।
धरोहर कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। यज्ञ समिति की मांग पर यज्ञ स्थल में सभागार निर्माण कराने के लिए समिति द्वारा मंत्री वर्मा का सम्मान करते हुए स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।

कार्यक्रम में प्रमोद शर्मा, अशोक जैन और विद्याभूषण शुक्ला, विजय केशरवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही समिति के अध्यक्ष, सचिव, संरक्षक एवं सदस्यगणों सहित भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
आगामी कार्यक्रमों में पंचमुखी हनुमान सुंदरकांड पाठ समिति, भाटापारा, सरगम म्यूजिकल्स, रायपुर तथा पं. प्रमोद शास्त्री द्वारा दो दिवसीय हनुमत कथा का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ के इस भव्य आयोजन ने आस्था, संस्कृति और संगीत के अद्भुत संगम से पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। (Balodabazar News)



