कोरबा में नगर सैनिक ने कलेक्ट्रेट में खाया जहर, अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

Municipal Soldier Consumed Poison: कोरबा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर सेना यानी होमगार्ड के एक जवान ने अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या का प्रयास किया। जवान ने कलेक्टर परिसर में जहर का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ते देख उसे तत्काल जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आत्महत्या का प्रयास करने वाले नगर सैनिक का नाम संतोष पटेल है। जानकारी के मुताबिक संतोष पटेल को कुछ दिन पहले सेवा से बर्खास्त किया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से बहुत आहत था।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा में लव जिहाद…!, हिंदू बनकर आदिवासी युवती को फंसाया, फर्जी फेसबुक ID बनाकर बनाया शिकार
घटना उस समय हुई जब संतोष पटेल कलेक्टर परिसर पहुंचा और वहां जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जवान की हालत बिगड़ते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। संतोष पटेल को पहले जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉ. शशिकांत भास्कर ने बताया कि मरीज को अस्पताल लाते ही तत्काल प्राथमिक इलाज और सफाई की गई। इसके बाद आवश्यक इलाज शुरू किया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें संतोष पटेल ने कोरबा के जिला सेनानी यानी कमांडेंट और डिविजनल कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
धमकी और दबाव के आरोप
सुसाइड नोट में लिखा है कि न सिर्फ उसे, बल्कि कोरबा में पदस्थ अन्य नगर सैनिकों को भी लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा है। शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और सिर्फ बहानेबाजी होती है। संतोष पटेल ने अपने नोट में लिखा कि उसे कई बार अकेले में बुलाकर मानसिक दबाव बनाया गया। नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी दी गई। 17 अक्टूबर 2025 तक लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसने यह भी लिखा कि उसने अपनी समस्या जिला प्रशासन के सामने भी रखी थी, बैठकें हुईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। (Municipal Soldier Consumed Poison)
नगर सैनिकों में आक्रोश
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में नगर सैनिक जमा हो गए। साथी सैनिक के आत्महत्या प्रयास से नगर सैनिकों में भारी आक्रोश और असंतोष देखने को मिला, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले जनरल परेड में अनुपस्थित रहने पर 127 नगर सैनिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसी को लेकर संतोष पटेल समेत अन्य नगर सैनिकों ने जिला कमांडेंट को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट को जांच का अहम साक्ष्य माना जा रहा है। अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने कोरबा पहुंचे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इस मामले में अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है, जानकारी मिलने पर उचित कदम उठाए जाएंगे।



