Ajit Pawar Plane Crash : प्लेन क्रैश में अजित पवार का निधन, मुख्यमंत्री साय सहित नेताओं ने जताया शोक
Ajit Pawar Plane Crash : देश की राजनीति में आज बुधवार को एक बड़ा और दुखद घटनाक्रम सामने आया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में विमान में सवार अन्य लोगों की भी मृत्यु हो गई। घटना से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह भी पढ़े :- सियासत पर ‘हवाई’ साया…!, विजय रुपाणी के बाद अब अजित पवार का विमान हादसे में निधन, ये दिग्गज भी गंवा चुके हैं जान
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अजित पवार का संपूर्ण जीवन कृषक कल्याण, जनसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका असमय देहावसान न केवल उनके परिजनों और समर्थकों के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि वे पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
अजित पवार के आकस्मिक निधन ने सभी को झकझोर दिया : उपमुख्यमंत्री साव
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अजित पवार एक कद्दावर, कर्मठ और अनुभवी राजनेता थे। उन्होंने सांसद और विधायक के रूप में लंबे समय तक जनसेवा की और वर्तमान में उपमुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। (Ajit Pawar Plane Crash)
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि अजित पवार का आकस्मिक निधन न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों एवं समर्थकों को इस कठिन समय में संबल दें। (Ajit Pawar Plane Crash)




