Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के कई जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने ली चप्पे-चप्पे की तलाशी

Bomb Threat in District Court: छत्तीसगढ़ में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राज्य के कई जिला और सत्र न्यायालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल सुबह के समय कोर्टों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुए, जिसकी जानकारी न्यायालय खुलने के बाद सामने आई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसरों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि देर शाम तक की गई जांच में किसी भी न्यायालय परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। बावजूद इसके प्रशासन ने धमकी को गंभीर मानते हुए जांच और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

यह भी पढ़ें:- जहाँ से कदम बढ़े, वहीं से कारवाँ की शुरुआत हो – विधायक इन्द्र साव

बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित जिला कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। न्यायालय खुलने के बाद जब अधिकारियों ने मेल देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मेल में न्यायालय परिसर में दो सुसाइड बम धमाके और तीन जहरीली गैस बम लगाए जाने का दावा किया गया था। साथ ही दोपहर 1:45 बजे तक जजों को न्यायालय से बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से कोर्ट के सभी कक्षों, चेंबरों, पार्किंग और आसपास के इलाकों की गहन जांच की गई। लगभग पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

अंबिकापुर जिला कोर्ट को भी धमकी

एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि न्यायालय के आधिकारिक मेल पर धमकी मिली थी। सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जांच की गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन ई-मेल की साइबर और तकनीकी जांच जारी है। इसी तरह अंबिकापुर स्थित जिला और सत्र न्यायालय को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। मेटल डिटेक्टर के साथ गेट पर जवानों की तैनाती की गई और आने-जाने वाले हर व्यक्ति व वाहन की जांच की गई। सरगुजा एसएसपी और डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने बताया कि मेल आउटलुक ई-मेल आईडी से आया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है। (Bomb Threat in District Court)

राजनांदगांव में NIA कोर्ट होने से बढ़ी चिंता

राजनांदगांव जिला न्यायालय को बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे न्यायालय परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिला न्यायालय में NIA कोर्ट संचालित होती है, जहां नक्सलियों से जुड़े कई संवेदनशील मामले लंबित हैं। ऐसे में धमकी के पीछे नक्सली कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। (Bomb Threat in District Court)

जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में भी अलर्ट

जांजगीर-चांपा जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। बम निरोधक दस्ता और पुलिस टीम ने पूरे परिसर की जांच की। फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। धमतरी समेत कई जिलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि करीब 20 दिन पहले भी छत्तीसगढ़ के दुर्ग, राजनांदगांव और धमतरी जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में जांच के दौरान सामने आया था कि धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु से भेजा गया था। फिलहाल राज्य के सभी न्यायालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस साइबर समेत तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे ई-मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजे।

Back to top button
error: Content is protected !!