Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के प्ले स्कूल में 3 साल की बच्ची से बर्बरता !, आया ने मासूम का सिर दीवार से टकराया

Girl Beaten in Play School: छत्तीसगढ़ की राजधानी के आमानाका इलाके के हीरापुर स्थित फर्स्टक्राई इंटेलाइटोटस प्री स्कूल और डेकेयर में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। घटना के खुलासे के बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची की देखभाल करने वाली आया माधुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घटना 23 जनवरी को वसंत पंचमी के मौके पर हुई। बच्ची की मां एडवोकेट अंकिता भार्गव अपनी बेटी को स्कूल लेकर आई थी। स्कूल में सरस्वती पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। भूख लगने पर अंकिता ने अपनी बेटी को टिफिन खिलाया और उसे मुंह धुलवाने के लिए आया के पास भेजा।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाओं में 6.11 लाख करोड़ रुपये का निवेश

इस बीच आया ने जानबूझकर बच्ची का सिर दीवार से टकराया। इससे मासूम के सिर में चोट आई और उस पर सूजन भी देखी गई। जब अंकिता ने स्कूल प्रबंधन से CCTV फुटेज की मांग की तो पता चला कि बच्ची के साथ हुआ यह हादसा वाकई जानबूझकर किया गया था। CCTV फुटेज के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने बच्ची का इलाज नहीं कराया और न ही आया के खिलाफ कोई कार्रवाई की। इसके बाद बच्ची के परिजनों ने खुद उसका इलाज कराया और आमानाका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि आए दिन स्कूल में आया मारपीट करती थी। इसके अलावा 19 जनवरी को बच्चों को 26 जनवरी की थीम पर तैयार होकर स्कूल आना था। कुछ बच्चे जिनमें बच्ची भी शामिल थी, वो स्कूल ड्रेस में आ गए थे। स्कूल प्रबंधन ने सभी बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया और उनके परिजनों को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी आया के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। बच्ची की मां अंकिता भार्गव ने बताया कि उनकी बेटी इस घटना के बाद मानसिक रूप से परेशान है और स्कूल आने में डर महसूस कर रही है। उन्होंने स्कूल से प्राथमिक इलाज कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी, लेकिन स्कूल ने कोई मदद नहीं की। यह मामला बच्चों की सुरक्षा और प्री-स्कूल में होने वाली मारपीट के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर करता है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी आया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की संभावना है। (Girl Beaten in Play School)

Back to top button
error: Content is protected !!