Google Analytics —— Meta Pixel

आर्थिक सर्वेक्षण पर सियासी संग्राम, केंद्र सरकार ने गिनाई उपलब्धि, विपक्ष ने उठाए सवाल

Politics on Economic Survey: आर्थिक सर्वेक्षण और आगामी बजट को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने सरकार की नीतियों और आर्थिक प्रगति को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं कांग्रेस, RJD और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने आर्थिक हालात, किसानों की स्थिति, मध्यम वर्ग की परेशानियों और बजट से जुड़ी अपेक्षाओं को लेकर सरकार पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ है कि भारत आत्मनिर्भर हो रहा है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर के प्ले स्कूल में 3 साल की बच्ची से बर्बरता !, आया ने मासूम का सिर दीवार से टकराया

उन्होंने कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मुझे कहते हुए गर्व है कि किसानों की मेहनत, सरकार की नीतियों के कारण आज हमारे देश की औसत कृषि विकास दर 4.4% है। 4% से ज्यादा कृषि विकास दर रहना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए एक युग पुरूष हैं। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को ठीक किया है। वे डूबती हुई अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर लाए हैं। उन्होंने एक बार फिर भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया है। इस पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि अभी हमें आर्थिक सर्वेक्षण देखना है। (Politics on Economic Survey)

हरियाणा नए प्रोजेक्ट्स से वंचित रहा: शैलजा

सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि हरियाणा इतने सालों से नए प्रोजेक्ट्स से वंचित रहा है। हमारी इतनी मांग है, लेकिन इस सरकार को ऐसा लगता है कि इस प्रदेश को कुछ देना ही नहीं है। सांसद शैलजा ने कहा कि आज हमारे मध्यमवर्गीय लोग, किसान और गरीब लोग ऐसा महसूस कर रहे हैं कि सरकार कहां हैं ? RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि अगर कोई भी अर्थव्यवस्था और उसकी प्रगति संविधान के आर्टिकल 39 के अनुरूप संतुष्टि देती है तो वह उचित है अन्यथा सब हवा-हवाई है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का और देश की जनता का आर्थिक सर्वे अलग है। उन्हें जनता के सर्वे से और जनता को उनके सर्वे से कोई मतलब नहीं है। डॉलर तकरीबन 92 रुपए के करीब पहुंच रहा है।

अर्थव्यवस्था पर कमजोर विदेश नीति के चलते प्रहार: हुड्डा

वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था पर कमजोर विदेश नीति के चलते प्रहार किए जा रहे हैं। ऐसे में यह महत्वपूर्ण है कि यह बजट देश के आम आदमी को राहत देने वाला होगा। आज पूरे देश में किसान कराह रहे हैं। आज देश को अच्छे बजट की जरूरत है। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि वे जनता के लिए कितनी सुविधाएं पहुंचा पा रही हैं बजट में इस पर चर्चा होनी चाहिए। एक महिला बजट पेश करे ये अच्छी बात है। जनता से जो वादे पिछले बजट में किए गए क्या वो पूरे किए गए इस पर हमें गौर करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आने वाले केंद्रीय बजट 2026 के बारे में कहा कि हमे हमेशा केंद्रीय बजट से उम्मीदें रहती है।

इस बार ज्यादा उम्मीद नहीं: मंत्री नेगी 

मंत्री नेगी ने कहा कि इस बार ज्यादा उम्मीद नहीं है, क्योंकि केंद्र सरकार ने MGNREGA जैसी योजनाओं को कमजोर कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के साथ अनदेखी की जा रही है। 2023 के आपदा के बाद जो नुकसान हुआ, उसके लिए भी फंड पूरी तरह से जारी नहीं किए गए हैं। केरल के लिए यूनियन बजट की उम्मीदों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि चुनाव वाले साल में कहना मुश्किल है, आप कुछ चीजों का अंदाजा लगा सकते हैं और इस खास सीजन के बीच में यह कहना मुश्किल है कि क्या होगा। मुझे लगता है कि हम सभी बहुत उम्मीद कर रहे हैं। केरल को कई पद्म पुरस्कार मिले हैं, क्या हमारे राज्य को आवंटन का ज्यादा प्रतिशत मिलेगा ? मुझे नहीं पता। हमें निश्चित रूप से केंद्र से राज्य में थोड़ा और पैसा चाहिए। (Politics on Economic Survey)

Back to top button
error: Content is protected !!