घरेलू हिंसा पर न्याय का प्रहार, पत्नी को जिंदा जलाने वाले पतियों को उम्रकैद, जांजगीर-चांपा और दुर्ग में कोर्ट का सख्त फैसला

Husbands Sentenced to Life: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और दुर्ग जिले में पत्नी को जिंदा जलाकर हत्या करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिसमें कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी पतियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों मामलों में घरेलू हिंसा, शराब की लत और पैसों को लेकर विवाद हत्या की वजह बने। जांजगीर-चांपा जिले में पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाले पति को द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश गणेशराम पटेल की कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर लोक अभियोजक केदारनाथ कश्यप ने बताया कि डुमरिहापारा के कमलेश राठौर की शादी साल 2012 में रितु राठौर से हुई थी।
यह भी पढ़ें:- आर्थिक सर्वेक्षण पर सियासी संग्राम, केंद्र सरकार ने गिनाई उपलब्धि, विपक्ष ने उठाए सवाल
शादी के बाद से ही आरोपी शराब पीने के लिए पत्नी को लगातार प्रताड़ित करता था। घटना 2 फरवरी 2023 की है, जब कमलेश ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने हत्या की नीयत से रितु पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी रितु को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने अपने बयान में पति पर जलाने का आरोप लगाया और पूरी घटना बताई। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया। साक्ष्यों और मृतिका के बयान के आधार पर कोर्ट ने कमलेश राठौर को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। (Husbands Sentenced to Life)
दुर्ग में 12 साल पुराने केस में न्याय
वहीं दुर्ग जिले में पत्नी को जिंदा जलाने के 12 साल पुराने मामले में भी कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। सत्र न्यायाधीश विनोद कुजूर ने आरोपी पति घासुराम को दोषी ठहराते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा दी है। यह मामला 15 जनवरी 2012 की रात का है। आरोपी घासुराम अपनी पत्नी ममता के साथ दुर्ग के निभाई क्षेत्र स्थित मिनी माता पारा में रहता था। शराब के नशे में घर पहुंचकर उसने ममता से विवाद किया, गाली-गलौच की और जमकर मारपीट की। इसी दौरान ममता ने घर में रखे मिट्टी के तेल को अपने ऊपर उड़ेल लिया। यह देख आरोपी ने माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। (Husbands Sentenced to Life)
17 नवंबर 2024 को हुई गिरफ्तारी
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने ममता को गंभीर हालत में दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका बयान दर्ज किया गया। इलाज के दौरान कुछ दिनों बाद ममता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन आरोपी फरार हो गया। करीब 12 साल बाद 17 नवंबर 2024 को पुलिस ने आरोपी घासुराम को गिरफ्तार किया। कोर्ट में मृतिका के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। दोनों मामलों में कोर्ट के फैसले ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



