Google Analytics —— Meta Pixel

बीजापुर मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली ढेर, ईलमिड़ी क्षेत्र और पखांजूर में भी बड़ी साजिश नाकाम

Naxalites Killed in Bijapur: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कावरगट्टा-गुंडराजगुडे़म के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पामेड़ एरिया कमेटी के दो कुख्यात नक्सली कैडर मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से दोनों नक्सलियों के शव, हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। नक्सलियों की पहचान एरिया कमेटी मेंबर (ACM) प्रदीप उर्फ जोगा (5 लाख इनामी) और पार्टी मेंबर (PM) भीमा वेको (2 लाख इनामी) के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें:- घरेलू हिंसा पर न्याय का प्रहार, पत्नी को जिंदा जलाने वाले पतियों को उम्रकैद, जांजगीर-चांपा और दुर्ग में कोर्ट का सख्त फैसला

दोनों कैडर कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल थे और लोगों की हत्या समेत गंभीर अपराधों में लंबे समय से वांछित थे। इनमें कावरगट्टा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की हत्या भी शामिल है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने एक AK-47 राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया है। घटना के बाद पूरे इलाके में DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी बहादुर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट रणनीति का परिचय देते हुए दो कुख्यात नक्सलियों को न्यूट्रलाइज करने में सफलता हासिल की है। (Naxalites Killed in Bijapur)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुरक्षाबलों का यह पराक्रम बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को और ज्यादा सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास के मार्ग में बाधा बनने वाली ताकतों के खिलाफ सरकार और सुरक्षा बल पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अटल मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के सुशासन के कारण बस्तर अंचल में हालात तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां आज शांति, विश्वास और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने इस सफल अभियान के लिए सभी सुरक्षाबलों के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, समर्पण और बलिदान से ही बस्तर में स्थायी शांति और समृद्धि का सपना साकार हो रहा है। वहीं बीजापुर जिले के ही नक्सल प्रभावित ईलमिड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत लंकापल्ली गांव के पास भी सुरक्षाबलों ने समय रहते नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। DRG,ईलमिड़ी पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 9वीं वाहिनी और BDS टीम की संयुक्त कार्रवाई में सड़क किनारे लगाए गए दो IED बरामद किए गए। दरअसल, 29 जनवरी को संयुक्त बल ईलमिड़ी-लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे। डिमाइनिंग के दौरान लंकापल्ली की कच्ची सड़क पर नक्सलियों के लगाए गए 20 से 30 किलोग्राम वजन के दो IED का पता चला। (Naxalites Killed in Bijapur)

पखांजूर में भी नक्सली मंसूबों पर पानी

ये IED कमांड स्विच सिस्टम से सड़क के बीचों-बीच लगाए गए थे, जिनका उद्देश्य बड़े वाहनों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाना था। सूचना मिलते ही BDS टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। बता दें कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में हुए IED ब्लास्ट में राजू मोडियम नाम का ग्रामीण घायल हुआ था, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में भी सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। BSF और पुलिस की संयुक्त सर्चिंग के दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों से नक्सली सामग्री बरामद की गई।

6 प्रेशर कुकर IED बरामद

सर्चिंग के दौरान कलपर जंगल में नदी किनारे पहाड़ी इलाके से 5-5 किलो वजन के 6 प्रेशर कुकर IED बरामद किए गए। वहीं मोदेमरका नदी के किनारे से 3 नग IED मिले। सभी IED को मौके पर ही सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास और शांति बहाली के लिए सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ निगरानी लगातार जारी रहेगी। (Naxalites Killed in Bijapur)

Back to top button
error: Content is protected !!