Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने का झांसा, कारोबारी से 42 लाख 50 हजार की ठगी

Fraud in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा इलाके से ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। दरअसल, कारोबार शुरू करने की चाह में एक व्यापारी से 42 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बूढ़ापारा के रूपेश कुमार सोनी साल 2023 में ई-व्हीकल के व्यवसाय से जुड़ना चाहता था और इसके लिए एजेंसी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाले पंकज कुमार जैन उर्फ कोचर ने उसे इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की एजेंसी दिलाने का प्रस्ताव दिया।

यह भी पढ़ें:- गरियाबंद में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, आगजनी और पथराव, पुलिस जवान घायल 

पंकज जैन ने रूपेश की मुलाकात सागर प्रकाश शिल्के से कराई। सागर ने खुद को एक इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बताते हुए एजेंसी दिलाने का भरोसा दिलाया। बातचीत और सहमति के बाद दोनों आरोपियों ने व्यवसाय शुरू कराने के नाम पर रूपेश से पैसे लेना शुरू किया। आरोप है कि 22 मई 2023 से 12 अक्टूबर 2023 के बीच दोनों आरोपियों ने एक राय होकर रूपेश से उसके दो अलग-अलग बैंकों के चेकों के माध्यम से कुल 42 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने शो-रूम खोलने की तैयारी शुरू करने के लिए दबाव बनाया। (Fraud in Raipur)

शो-रूम पर भी कराया लाखों का खर्च

आरोपियों के कहने पर पीड़ित रूपेश ने संतोषी नगर स्थित एक दुकान 30 हजार रुपए मासिक किराए पर ली। इसके बाद वहां इलेक्ट्रिक वाहन शो-रूम तैयार कराया गया, जिस पर अलग से लाखों रुपए खर्च किए गए। पीड़ित के मुताबिक लगातार दबाव बनाए जाने पर आरोपियों ने करीब दो साल बाद सिर्फ 14 लाख 50 हजार रुपए किश्तों में लौटाए। बचे रकम को उन्होंने वाहन प्रमोशन और अन्य खर्चों में उपयोग होने की बात कहकर लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद न तो एजेंसी दी गई और न ही वाहनों की सप्लाई शुरू हुई। (Fraud in Raipur)

पता निकला फर्जी, तब हुआ ठगी का अहसास

शक गहराने पर रूपेश ने सागर प्रकाश शिल्के के बताए गए पते पर जाकर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह पता फर्जी निकला। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने कोतवाली थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (Fraud in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!