सरगुजा में शिक्षक स्कूल से नदारद, स्वीपर ने बच्चों को पढ़ाया, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Sweeper Taught at School: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जामझोर स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी शिक्षकों की बजाय स्वीपर निभाता नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक जामझोर प्राइमरी स्कूल में एक प्रधान पाठक समेत शिक्षकों की पोस्टिंग है, इसके बावजूद स्कूल समय पर कोई भी शिक्षक कक्षा में मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने जब स्कूल का निरीक्षण किया तो देखा कि ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाने का काम एक स्वीपर कर रहा है। बच्चे भी सामान्य रूप से उसी से पढ़ाई करते नजर आए, मानो यह रोजमर्रा की स्थिति हो।
यह भी पढ़ें:- भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर अड़ा पाकिस्तान, इस फैसले से पाक टीम को ग्रुप से बाहर होने से लेकर बैन तक का खतरा
मामले में जब प्रधान पाठक से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि वे मध्याह्न भोजन योजना के तहत मिलने वाले सरकारी चना को लेने संकुल केंद्र कटिंदा गए हुए थे। बच्चों को संभालने के लिए मौखिक रूप से स्वीपर को जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान स्वीपर के पढ़ाने का वीडियो बन गया, जो अब वायरल हो चुका है। इस घटना ने एक और बड़ी समस्या को उजागर कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि जब करोड़ों रुपए का चना सप्लाई किया जाता है तो सप्लायर सीधे स्कूल तक चना क्यों नहीं पहुंचाता ? जानकारों का कहना है कि चना बाजार मूल्य से लगभग दोगुने दाम पर सप्लाई किया जा रहा है, इसके बावजूद शिक्षक हर महीने संकुल केंद्र या विकासखंड कार्यालय से चना ढोकर लाने को मजबूर हैं। इसी कारण कई बार शिक्षक कक्षा छोड़कर चना लाने जाते हैं और पढ़ाई बाधित होती है। (Sweeper Taught at School)

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में स्टाफ की कागजी मौजूदगी तो पूरी है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। कई बार शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आते या जल्दी चले जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से प्रभावित हो रही है। इस बार मामला इसलिए उजागर हुआ क्योंकि स्वीपर बच्चों को पढ़ाते हुए कैमरे में कैद हो गया। मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने कहा है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही जांच कराई जाएगी और अगर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। (Sweeper Taught at School)
शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
सरगुजा के जामझोर गांव की यह घटना सिर्फ एक स्कूल की कहानी नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है, जहां एक ओर सरकार शिक्षा सुधार के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा स्वीपर के कंधों पर आ जाना सिस्टम की गंभीर विफलता को दर्शाता है। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। (Sweeper Taught at School)



