Google Analytics —— Meta Pixel

‘मैं अभी संत नहीं बना हूं’, सनातन की कमियों पर खुलकर बोले बाबा बागेश्वर

Baba Bageshwar : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार (2 फरवरी) को इंदौर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में कई कमियां आ गई हैं, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। बाबा बागेश्वर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि हम दूसरों की निंदा करने के बजाय हिंदू आत्म-सुधार पर कार्य करें, तो सनातन परंपरा को कोई मिटा नहीं सकता। वर्तमान समय में सनातन की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।

यह भी पढ़े :- सरगुजा में शिक्षक स्कूल से नदारद, स्वीपर ने बच्चों को पढ़ाया, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सनातन की कमियों पर खुलकर बोले

मीडिया से बातचीत में बाबा बागेश्वर ने कहा कि साधु-संतों का आपस में लड़ना और एक-दूसरे की निंदा करना सनातन के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि पुरानी कुरीतियां, रूढ़िवादिता और बलि प्रथा भी सनातन की बड़ी कमियां हैं।

उन्होंने आगे कहा कि नए-नए मंदिर तो बनाए जा रहे हैं, लेकिन पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार लगभग बंद हो गया है, जो चिंता का विषय है। आज मंदिर, तीर्थ और देवालय पिकनिक स्पॉट बनते जा रहे हैं, आस्था के केंद्र नहीं रह गए हैं। यह भी सनातन की एक बड़ी कमी है।

‘साथ लेकर चलने की सोच की जरूरत’

बाबा बागेश्वर ने कहा कि सनातन की एक और बड़ी कमजोरी यह है कि हम एक-दूसरे को ज्ञान तो देते हैं, लेकिन सभी को साथ लेकर विश्व को ज्ञान देने की सोच नहीं रखते। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी मजहब के पक्ष या विरोध में नहीं हैं।
“हम हमेशा से सनातन के पक्ष में थे, हैं और रहेंगे, लेकिन जो सच है, उसे बोलने से कभी नहीं चूकते,” उन्होंने कहा।

‘हम अभी संत नहीं बन पाए हैं’

संतों के बीच चल रहे विवादों पर सवाल पूछे जाने पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा,
“हमारी इतनी औकात नहीं है कि हम संतों पर टिप्पणी करें, क्योंकि हम अभी संत नहीं बन पाए हैं। संत बनने की कोशिश कर रहे हैं, पता नहीं कब बन पाएंगे। हम वाणी से नहीं, बल्कि आचरण से संत बनना चाहते हैं।” (Baba Bageshwar)

उन्होंने आगे कहा कि मीडिया में जो कुछ भी चल रहा है, वह अच्छा नहीं है और किसी के हित में नहीं है। (Baba Bageshwar)

Back to top button
error: Content is protected !!