Google Analytics —— Meta Pixel

सदन की टूटी मर्यादा…!, लोकसभा में कागज फेंकने पर एक्शन, 8 सांसद पूरे सत्र के लिए सस्पेंड

8 Opposition MPs Suspended: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की स्पीच को लेकर लगातार दूसरे दिन भी भारी हंगामा देखने को मिला। राहुल गांधी ने दोपहर करीब 2 बजे सदन में पूर्व सेना प्रमुख की एक अनपब्लिश्ड बुक के आर्टिकल का हवाला दिया। साथ ही सरकार पर आरोप लगाया, जिसका एनडीए सांसदों ने जमकर विरोध किया। इस दौरान राहुल गांधी ने सदन में कहा कि मुझे परमिशन नहीं दी जा रही है। मैं विपक्ष का नेता हूं। मैंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। मैं सिर्फ यह बता रहा हूं कि चीन और भारत के बीच क्या हुआ। पूर्वी लद्दाख में हमारे सैनिक शहीद हुए हैं। राहुल गांधी करीब 14 मिनट तक बोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन लगातार टोकाटाकी और हंगामे के कारण उनका माइक बंद कर दिया गया।

हंगामे के दौरान कागज फेंकने की घटना

सदन में हंगामा उस वक्त और बढ़ गया जब कुछ विपक्षी सांसदों पर पीठासीन अधिकारी की ओर कागज उछाल दिया। इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए स्पीकर ने रूल 374 और 374A के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई के तहत कुल 8 सांसदों को संसद के बचे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इनमें कांग्रेस के 7 सांसद यानी हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पाडोले, डीन कुरियाकोस और CPM के 1 सांसद एस. वेंकटेशन शामिल हैं। शोर-शराबे के चलते लोकसभा की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : अकेली महिला बनी लूट की शिकार,आंखों में झंडुबाम लगाकर जेवरात छीने

इससे पहले सोमवार को भी राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान 46 मिनट तक बोला। इस दौरान सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई थी। राहुल गांधी को कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 11 बार, गृहमंत्री अमित शाह ने 7 बार, किरेन रिजिजू ने 2 बार और सांसद अनुराग ठाकुर ने 6 बार टोका था। राहुल गांधी के समर्थन में सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल, टीएमसी सांसद शताब्दी रॉय और डीएमके सांसद डी. एम. कातिर आनंद ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने से इनकार कर दिया। सस्पेंशन के विरोध में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर भी विरोध जताया गया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश में लोकतंत्र है और लोकतंत्र में सभी को बोलने की इजाजत होनी चाहिए। सभी की बात सुनी जानी चाहिए। 

सस्पेंड सांसदों की प्रतिक्रिया

मणिक्कम टैगोर ने कहा कि 8 सांसद सस्पेंड किए गए हैं। हमारी गलती सिर्फ इतनी है कि हमने विपक्ष के नेता को बोलने का अधिकार मांगा। राहुल गांधी आज ऑथेंटिकेशन लेकर आए थे, फिर भी उनका माइक बंद कर दिया गया। कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा कि कल विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बार-बार परेशान किया गया, और उन्हें बोलने नहीं दिया गया, और उनसे ऑथेंटिकेशन देने के लिए कहा गया। आज वह ऑथेंटिकेशन लेकर आए और उन्होंने लेटर दिया और ऑथेंटिकेशन जमा किया। उसके बाद उन्होंने विपक्ष के नेता का भाषण रोक दिया। राहुल गांधी ने चीन, अमेरिकी टैरिफ के बारे में बात की। उसके बाद राहुल गांधी का माइक ले लिया गया, और हमने विरोध किया इसलिए हमें सस्पेंड कर दिया गया है। 

अमेरिका के सामने सरेंडर किया: ईडन

हिबी ईडन ने कहा कि प्रधानमंत्री के अमेरिका के सामने सरेंडर, ट्रेड एग्रीमेंट की गड़बड़ियां, चीन और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी जा रही। हम संसद के अंदर और बाहर अपना विरोध जारी रखेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि इन्हें लगता है कि सदन कांग्रेस पार्टी का दफ्तर है। आज हद हो गई। आज महासचिव की मेज पर चढ़कर दस्तावेज को फाड़ा गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है। शायद ये लोग समझते हैं कि जब भी राज करेंगे तो गांधी खानदान के लोग ही राज करेंगे और चाय बेचने वाले का बेटा कभी राज नहीं कर सकता है। अगर सदन चलेगा तो नियम और कानून से चलेगा। सदन अनुशासनहीनता से नहीं चलेगा। (8 Opposition MPs Suspended)

ये सरकार हमेशा किसान विरोधी: डिंपल

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि विपक्ष के नेता को संसद में बोलने नहीं दिया गया। कृषि क्षेत्र में अमेरिका के लिए जो बाजार खोला गया है उससे कृषि सेक्टर को बहुत नुकसान होगा। ये सरकार हमेशा किसान विरोधी सरकार रही है। लोकसभा से 8 सांसदों के सस्पेंशन पर कहा कि हम इस मुद्दे को कल भी उठाएंगे। सांसदों को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है, वाराणसी में मणिकर्णिका घाट के रीडेवलपमेंट के दौरान मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति को तोड़ा गया। कृषि क्षेत्र में अमेरिका के लिए जो बाज़ार खोला गया है उससे कृषि सेक्टर को बहुत नुकसान होगा इस पर हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।

ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है: दीपेंद्र

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि देश में और लोकतंत्र में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की अपनी भूमिका है और नेता विपक्ष को ये बोलना कि आप हिंदुस्तान और चीन के संबंधों पर नहीं बोल सकते हैं। ये सही नहीं है क्योंकि नेता विपक्ष को देश हित में कोई विषय दिखाई देगा तो वो अपनी बात रखेंगे। वो कहते हैं कि आप इस पर नहीं बोल सकते हैं आप दूसरे विषय पर बोलें। उसके बाद नेता विपक्ष को दरकिनार करके कहना कि आपके बिना ये चर्चा कराएंगे। क्या वो विपक्ष रहित और विपक्षहीन लोकतंत्र चाहते हैं? फिर लोकतंत्र का क्या अर्थ है। ये लोकतंत्र के लिए काला दिन है और इस सरकार का लोकतंत्र विरोधी चेहरा सामने आया है।

क्या सच छुपाने की कोशिश कर रहे: झा

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि ऐसा क्या सच छुपाने की कोशिश कर रहे हैं एक मजबूत लोकतांत्रिक मुल्क में सुनने का भी दिल होना चाहिए। उसके बाद साक्षा विचार होना चाहिए। बाकि आप जो सस्पेंशन कर रहे है उसका ओरिजिन कहा है ये देखना होगा ना। अगर इस तरह से सस्पेंशन हुआ होता तो 2012-13 में पूरी की पूरी बीजेपी सस्पेंड हो गई होती। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं तो आपको यहां पर 140 करोड़ के बारे में बात करना है आपको देश की बात करनी है और सरकार की कमियां जो हो वो बतानी है, लेकिन आप चीन के बारे में बात करना चाह रहे हैं, बाकि आपके सदस्य क्या कर रहे थे। वो टेबल पर चढ़ गए और माइक तोड़ रहे थे। ये सब यहां नहीं चलेगा।

और भी सांसदों को सस्पेंड किया जाना चाहिए: निशिकांत

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि और भी सांसदों को सस्पेंड किया जाना चाहिए था। यह गुंडागर्दी करने की जगह नहीं है। वे सब ‘गुंडे’ हैं। वे सेक्रेटेरिएट की टेबल पर कूद गए और उन्हें धमकाने की कोशिश की। वे स्पीकर पर कागज फेंक रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपनी मर्ज़ी से बोलूंगा। उन्होंने कहा कि संसद स्पीकर के हिसाब से चलती है। आर्मी एक्ट कहता है कि कोई भी जनरल जब पद पर हो तो किताब नहीं लिख सकता। कोई भी किताब लिखने के लिए आपको भारत सरकार से इजाजत लेनी होती है।

लोकतंत्र की अपेक्षित कर रहे हैं: चिराग

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मेरी समझ के परे हैं कि आप नेता प्रतिपक्ष हैं और कितनी बार आपको समझना पड़ेगा कि जब स्पीकर ने एक बार कह दिया तो आप उनके नियम का पालन नहीं करेंगे तो किस तरह के लोकतंत्र की आप अपेक्षित कर रहे हैं आप सदन में सारी मर्यादाएं लांघकर बस अब कुर्सी पर पैर रखना बाकी रह गया था जिस तरीके से कांग्रेस सांसदों का व्यवहार रहा है। उन्होंने कहा कि सदन नियमों से चलता है। ये खुद ही नहीं चाहते हैं कि बहस हो।

कोई न कोई बहना ढूंढ लेते हैं: चिराग

पासवान ने कहा कि ये हर सत्र से पहले कोई न कोई बहना ढूंढ लेते हैं या तैयार कर लेते हैं और उसके ऊपर ये लोग सदन को बाधित करते हैं। इनको खुशी मिलती है जब सदन स्थगित हो जाता है। ये रोज कोई बहना लाते हैं। कुर्सी तक आना आप टेबल पर चढ़कर कुर्सी तक पहुंच गए ये निंदनीय है। बीजेपी सतीश महाना ने कहा कि अगर आप नियम के खिलाफ काम करेंगे तो सदन का जो नियम है वो नियम सब पर लागू है चाहे कोई छोटा नेता हो या बड़ा नेता हो। इस तरह का बर्ताव करना और स्पीकर नियम के तहत कार्रवाई कर रहे हैं और नियम के तहत कोई भी कार्रवाई गलत नहीं है।

क्या है लोकसभा का रूल 374 और 374A ?

रूल 374- स्पीकर सदन की कार्यवाही में बाधा डालने वाले सांसद को नाम लेकर सस्पेंड कर सकते हैं। सस्पेंशन की अवधि अधिकतम पूरे सत्र तक हो सकती है। रूल 374A- अगर कोई सांसद नारेबाजी, आसन के पास जाकर हंगामा या जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करता है, तो तत्काल सस्पेंशन किया जा सकता है। सस्पेंशन के दौरान भी सांसदों को वेतन मिलता है। संसदीय शिष्टाचार के तहत दूसरों के भाषण में बाधा, नारेबाजी और तख्तियां दिखाना दस्तावेज फाड़ना या रिकॉर्डर/कैसेट बजाना इन सभी पर रोक है। 1989 में विरोध के नए तरीकों को देखते हुए ये नियम और सख्त किए गए थे। (8 Opposition MPs Suspended)

Back to top button
error: Content is protected !!