Google Analytics —— Meta Pixel

डॉक्टर की चूक या सिस्टम की गड़बड़ी ?, सुपेला अस्पताल ने मृत व्यक्ति का बना दिया मेडिकल सर्टिफिकेट, मौत के बाद भी मरीज ‘स्वस्थ’

Supela Hospital Negligence: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सुपेला क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री सरकारी अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में एक ऐसे व्यक्ति को मेडिकल रूप से फिट घोषित कर दिया गया, जिसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक जिस व्यक्ति का मेडिकल प्रमाण पत्र जारी किया गया है, उसका नाम गणेश राम है। हैरानी की बात यह है कि गणेश राम की पहले ही मौत हो चुकी थी। नियमों के मुताबिक किसी भी मृत व्यक्ति का मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं बनाया जाता, बल्कि उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। इसके बावजूद अस्पताल की ओर से मृत व्यक्ति का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:- मासूम जिंदगियों पर ऑनलाइन गेम का कहर, गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या

पूरे मामले को और भी गंभीर बनाती है यह बात कि मेडिकल प्रमाण पत्र किसी सामान्य कर्मचारी ने नहीं, बल्कि खुद अस्पताल के प्रभारी और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीयाम सिंह ने जारी किया है। प्रमाण पत्र पर उनके हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। सवाल यह उठता है कि बिना जांच और सत्यापन के मृत व्यक्ति को कैसे मेडिकल रूप से फिट घोषित कर दिया गया। मामले की पड़ताल के दौरान जब संबंधित पते पर जाकर जानकारी ली गई तो यह स्पष्ट हो गया कि गणेश राम की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। इसके बाद यह पूरा मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। (Supela Hospital Negligence)

CMHO ने माना मामला गंभीर

दुर्ग के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) मनोज दानी ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्ति का मेडिकल प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया जाता है। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रभारी को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह मामला जांच का विषय है और इसकी विधिवत जांच कराई जाएगी। CMHO ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही है या फिर किसी स्तर पर गंभीर अनियमितता हुई है। फिलहाल इस घटना ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। (Supela Hospital Negligence)

Back to top button
error: Content is protected !!