Google Analytics —— Meta Pixel

मासूम जिंदगियों पर ऑनलाइन गेम का कहर, गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या

3 Sisters Committed Suicide: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टॉवर में रहने वाली तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे तीनों बहनें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बालकनी से कूद गई। गिरने की तेज आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों बहनों की उम्र 12, 14 और 16 साल बताई जा रही है। घटना भारत सिटी बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 की है।

यह भी पढ़ें:- एयर इंडिया और इंडिगो के 2 विमानों की विंग्स टकराने से मचा हड़कंप, मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

पुलिस के मुताबिक जिस ऊंचाई से बच्चियों ने छलांग लगाई, वह करीब 80 फीट थी। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स और परिजनों के मुताबिक तीनों बहनें एक टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत में थी। बताया जा रहा है कि वे कोरोना काल से यह गेम खेल रही थी। पिता चेतन ने जब उन्हें गेम खेलने से मना किया और फटकार लगाई तो इससे आहत होकर तीनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

कमरे से मिला सुसाइड नोट

तीनों बहनें जिस कमरे में सोती थी, वहां एक डायरी में 8 से 10 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में लिखा है- मम्मी-पापा सॉरी…गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको एहसास होगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे, जिस गेम को आप छुड़वाना चाहते थे। नोट में यह भी लिखा गया है कि सॉरी पापा, हम गेम नहीं छोड़ सके। कोरियन गेम हमारी जिंदगी, हमारी जान है। पिता चेतन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी बच्चियों के साथ बहुत बुरा हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोबाइल गेम्स से दूर रखें। (3 Sisters Committed Suicide)

 

चेतन ने कहा कि हमें नहीं पता चलता कि गेम में कौन से टास्क दिए जा रहे हैं। अगर हमें अंदाजा होता तो हम बच्चों को गेम खेलने ही नहीं देते। एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि तीनों ने आत्महत्या की है। एसपी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस को रात 2:18 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पिता चेतन ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं।

क्या है कोरियन लव गेम ?

कोरियन लव गेम एक ऑनलाइन चैट-आधारित गेम बताया जा रहा है, जिसमें सामने वाला खुद को कोरियन या विदेशी लड़का-लड़की बताकर बातचीत शुरू करता है। यह गेम सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलता है। शुरुआत में दोस्ती और प्यार की बातें होती हैं, फिर आसान टास्क दिए जाते हैं। धीरे-धीरे टास्क कठिन होते जाते हैं और मानसिक दबाव बढ़ने लगता है। कई मामलों में बात न मानने पर धमकाया भी जाता है, जिससे खिलाड़ी तनाव में आ जाता है। (3 Sisters Committed Suicide)

ब्लू व्हेल गेम से भी हो चुकी हैं मौतें

इससे पहले ब्लू व्हेल गेम के कारण भी देशभर में कई बच्चों की जान जा चुकी है। ब्लू व्हेल चैलेंज को ‘सुसाइड गेम’ कहा जाता है। इसमें 50 दिनों तक रोजाना टास्क दिए जाते हैं, जो धीरे-धीरे जानलेवा हो जाते हैं। भारत सरकार ने साल 2017 में इस गेम पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह घटना एक बार फिर बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग लत और इसके खतरनाक मानसिक प्रभावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। (3 Sisters Committed Suicide)

Back to top button
error: Content is protected !!