एयर इंडिया और इंडिगो के 2 विमानों की विंग्स टकराने से मचा हड़कंप, मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

Accident Averted Mumbai Airport: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दरअसल, एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस के दो विमानों की विंग्स आपस में टकरा गई। घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई। यह घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो एयरबस A320 विमान एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर थे। टक्कर के बाद दोनों विमानों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।
यह भी पढ़ें:- ब्रेकअप का दर्द बना मौत की वजह, नंबर ब्लॉक होने से बौखलाई प्रेमिका ने प्रेमी के सीने में मारा चाकू
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AI2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर खड़ी थी। इसी दौरान हैदराबाद से मुंबई आई इंडिगो की फ्लाइट 6E791 लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर टैक्सी कर रही थी। टैक्सी के दौरान दोनों विमानों की विंग टिप्स आपस में संपर्क में आ गई, जिससे यह घटना हुई। घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को ऑपरेशन से हटाकर पार्किंग बे में भेज दिया गया। एयर इंडिया ने बताया कि उसके विमान की विंग टिप को मामूली नुकसान हुआ है। फ्लाइट AI2732 में सवार करीब 200 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया। (Accident Averted Mumbai Airport)

इंडिगो की ओर से भी कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया गया और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया। घटना की सूचना मिलते ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों एयरलाइंस ने नियामक प्राधिकरण को घटना की जानकारी तुरंत दे दी है। DGCA यह जांच कर रहा है कि यह टक्कर मानवीय चूक, ग्राउंड हैंडलिंग में गलती या किसी तकनीकी कारण से हुई। एयरलाइंस ने कहा कि उड़ान संचालन के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तकनीकी या परिचालन समस्या को तुरंत रिपोर्ट करने के निर्देश क्रू को दिए गए हैं।
पहले भी सामने आ चुकी हैं तकनीकी खामियां
बता दें कि 1 फरवरी को भी एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में तकनीकी खराबी सामने आई थी। लंदन से बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-132 यानी बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी पाई गई थी। विमान में 200 से ज्यादा यात्री और क्रू सवार थे। लैंडिंग के बाद पायलट ने डिफेक्ट लॉग बुक में दर्ज किया कि बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कट-ऑफ’ की ओर फिसल रहा था और लॉक नहीं हो पा रहा था। इस मामले की जांच के लिए ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) यानी बोइंग को भी शामिल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में भी फ्यूल कंट्रोल स्विच से जुड़ी समस्या को एक संभावित कारण माना गया था। (Accident Averted Mumbai Airport)



