ब्रेकअप का दर्द बना मौत की वजह, नंबर ब्लॉक होने से बौखलाई प्रेमिका ने प्रेमी के सीने में मारा चाकू

Girlfriend Kill Boyfriend: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार, शक और गुस्से का अंत खून से लिखा गया, जिस रिश्ते की शुरुआत इंस्टाग्राम पर हुई थी, उसका अंत मंगलवार सुबह एक युवक की मौत और एक युवती की गिरफ्तारी के साथ हुआ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में रहने वाले 25 साल के कामता प्रसाद सूर्यवंशी की उसकी ही प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी (22) ने चाकू से सीने पर वार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि ब्रेकअप के बाद युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया, जिससे युवती इस कदर बौखला गई कि उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
यह भी पढ़ें:- Balodabazar Cyber Cell : पुलिस पर भरोसे की जीत, 421 गुम मोबाइल लौटाए
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव का रहने वाला कामता प्रसाद सिविल लाइन क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर होटल में काम करता था। करीब 6 महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सीपत क्षेत्र के झलमला की रहने वाली रोशनी सूर्यवंशी से हुई थी। बातचीत बढ़ी, नजदीकियां बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। रोशनी को शक था कि कामता उसे छोड़कर किसी दूसरी लड़की से दोस्ती कर रहा है। इसी शक ने रिश्ते में दरार पैदा कर दी।
ब्लॉक किया नंबर तो टूट गई उम्मीद
ब्रेकअप के बाद कामता ने रोशनी को कॉल और मैसेज से ब्लॉक कर दिया। यह बात रोशनी को अंदर तक झकझोर गई, जिसे वह प्यार समझ रही थी, वही उसके लिए असहनीय अपमान और ठुकराए जाने का दर्द बन गया। 3 फरवरी की सुबह रोशनी चाकू लेकर सीधे कामता के कमरे पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रोशनी ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही कामता ने दरवाजा खोला, उसने मोबाइल दिखाने की बात कही। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्से पर काबू खो चुकी रोशनी ने अचानक चाकू निकाला और कामता के सीने पर जोरदार वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रूम पार्टनर बाहर आया। सामने का मंजर देखकर वह सन्न रह गया। कामता खून से लथपथ फर्श पर गिर पड़ा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें
मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने कामता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद रोशनी ने कमरे में फैले खून के निशान साफ करने की भी कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी भाजपा नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा बताया जा रहा है। (Girlfriend Kill Boyfriend)
एक गलत फैसला, दो जिंदगियां बर्बाद
SSP रजनेश सिंह ने बताया कि युवक होटल में काम करता था। युवती उससे मिलने पहुंची थी। मोबाइल को लेकर विवाद हुआ, इसी दौरान युवती ने चाकू से हमला कर दिया। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल टीम जांच कर रही है। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस मानसिक टूटन की कहानी है, जहां शक और गुस्सा इंसान को हैवान बना देता है। एक युवक की जिंदगी खत्म हो गई और एक युवती की जिंदगी सलाखों के पीछे चली गई। प्यार अगर समझ, धैर्य और संवाद से न निभाया जाए तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है, बिलासपुर की यह वारदात उसी का एक दर्दनाक उदाहरण है। (Girlfriend Kill Boyfriend)




