Chhattisgarh Crimes News : देशभर में करोड़ों की चोरी करने वाला अंतरराज्यीय नकबजन गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes News : राजधानी रायपुर में दुकानों की छत तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर नकबजन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की चोरी करने का आरोप है। पुलिस उससे अन्य आपराधिक मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़े :- BIG NEWS : अमेरिका-ईरान में जंग की आहट! US एंबेसी ने नागरिकों से कहा – तुरंत तेहरान छोड़ें
पुलिस के अनुसार 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पंडरी इलाके में स्थित तीन दुकानों—लब-डब कपड़ा दुकान, नोवा फर्नीचर तथा डिजाइनर सेनिटेशन एंड हार्डवेयर—की छत तोड़कर करीब 7 लाख रुपये नकद चोरी किए गए थे। इस मामले में सिविल लाइन थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित डी. कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम व साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम द्वारा घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने रायपुर में हुई चोरी की घटनाओं के अलावा मौदहापारा थाना क्षेत्र के के.के. रोड स्थित जया ऑटो मोबाइल दुकान में छत तोड़कर चोरी करने की घटना को भी स्वीकार किया है। इस संबंध में मौदहापारा थाना में पहले से ही मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा घटना से संबंधित एक अन्य मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। वह आंध्र प्रदेश के विजयनगर में ज्वेलरी दुकान से लगभग 6 किलो सोना, ओडिशा में 500 ग्राम सोने के आभूषण, दुर्ग में करोड़ों रुपये के सोना-हीरा आभूषणों की चोरी के अलावा राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर और रायपुर सहित कई स्थानों पर बड़ी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। आरोपी देशभर में दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। (Chhattisgarh Crimes News)
पुलिस ने बताया कि आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और रिहाई के अगले ही दिन उसने रायपुर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस उससे अन्य राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है। (Chhattisgarh Crimes News)
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू (35 वर्ष)
पिता — कपिल श्रीवास
निवासी — कैलाश नगर, विवेकानंद स्कूल के पास,
थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम



