रायपुर और जगदलपुर में आग का तांडव, फैक्ट्रियों और डिपो में लाखों का नुकसान

Fire in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में शनिवार को आग का तांडव देखने को मिला है। दरअसल, राजधानी रायपुर के भनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित टार प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इसके साथ-साथ जगदलपुर के लकड़ी डिपो और गैरेज में भी आग लगने की घटना सामने आई है। पहला मामला रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां टार फैक्ट्री में दोपहर 1 बजे आग लग गई, जो देखते ही देखते फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि 22 किलोमीटर दूर से धुएं का गुब्बार दिखाई दिया और इलाके में काले बादल जैसा धुआं छा गया।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- लंबे समय तक सहमति से चला रिश्ता दुष्कर्म नहीं
फैक्ट्री में टार प्रोडक्शन होता है और बड़ी मात्रा में ऑयल-केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें फैल गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन पानी की कमी के कारण तीन घंटे में चार टंकी पानी खाली हो गई। इलाके में पानी की शॉर्टेज के कारण दूर के स्टेशन से सप्लाई करनी पड़ी। घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत फैक्ट्री खाली कराई, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग पर शाम 6 बजे तक काबू पाया गया। (Fire in Chhattisgarh)

आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को काफी नुकसान पहुंचा है। फैक्ट्री में मौजूद खतरनाक अपशिष्ट और ज्वलनशील सामग्री आग फैलने का मुख्य कारण रही। आग के चलते मार्ग बंद होने के कारण यातायात प्रभावित था, लेकिन अब मार्ग खुल गए हैं और बिजली व्यवस्था भी बहाल कर दी गई है। जगदलपुर में भी आग का तांडव देखने को मिला। सरगीपाल लकड़ी डिपो में अचानक आग लग गई, जिसके चलते लाखों रुपए कीमत की जलाऊ लकड़ियां जलकर राख हो गई। मौके पर 4 दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। (Fire in Chhattisgarh)

आग से करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं मारेंगा बायपास चौक स्थित गैराज में भी शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। गैरेज में रखे टायर देखते ही देखते जलने लगे। दमकल की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अब दोनों जगह नुकसान का आकलन और कारणों की जांच जारी है। राजधानी रायपुर और जगदलपुर में शनिवार को आग की घटनाओं ने प्रशासन की सक्रियता और दमकल विभाग की चुनौती को उजागर किया। किसी की जान नहीं गई, लेकिन लाखों रुपए का माली नुकसान हुआ है। आगे की जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। (Fire in Chhattisgarh)



