किसान हमारे प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की नींव हैं, अन्नदाताओं की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी: CM साय

CM Sai on Farmer: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया गया है। डिप्टी CM अरुण साव ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर कहा कि मेरे अन्नदाता भाइयों-बहनों की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट का बड़ा फैसला, होली से पहले धान बेचने वाले किसानों को मिलेगी अंतर की राशि
CM साय ने कहा कि मंत्रिपरिषद में हमने एक महत्वपूर्ण और किसान-हितैषी निर्णय लिया है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त प्रदान की जाएगी। लगभग 10,000 करोड़ सीधे 25 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में जाएंगे, ताकि इस होली उनके घरों में खुशियों की रंगत और भी गहरी हो। हमारी सरकार केवल धान की खरीदी नहीं करती, बल्कि किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य सुनिश्चित करती है और उनके सम्मान की रक्षा को अपना दायित्व मानती है। (CM Sai on Farmer)
किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी: CM
उन्होंने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। बीते दो सालों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खाते में 25,000 करोड़ से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है, जो इस होली के साथ बढ़कर 35,000 करोड़ हो जाएगी। किसान हमारे प्रदेश की आत्मा हैं, हमारी अर्थव्यवस्था की नींव हैं। समृद्धि की हर हरियाली के पीछे उनका पसीना और परिश्रम है। खेतों में झुककर मेहनत करने वाले ये हाथ ही छत्तीसगढ़ के भविष्य को आकार देते हैं। अन्नदाता की खुशहाली ही हमारे प्रदेश की सच्ची प्रगति है और उनका सम्मान ही हमारी सरकार का सर्वोच्च संकल्प है। (CM Sai on Farmer)




