Google Analytics —— Meta Pixel

70 साल बाद भी अंधेरे में दो गांव, बलरामपुर के कंडा और पुतसु में बिजली का इंतजार

No Electricity in Two Villages: आजादी के सात दशक बाद भी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कंडा और पुतसु गांव बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। विकास के दावों के बीच इन गांवों की हकीकत चौंकाने वाली है, जहां ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।गांव में बिजली नहीं होने के कारण किसानों को सिंचाई की समुचित सुविधा नहीं मिल पा रही है। मोटर पंप नहीं चल पाने से खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर है। वहीं पढ़ने वाले बच्चों को रात में पढ़ाई के लिए पर्याप्त रोशनी नहीं मिलती, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।

यह भी पढ़ें:- झूठे दहेज केस को बिलासपुर हाईकोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता, 15 साल पुरानी शादी खत्म

ग्रामीणों का कहना है कि शहरों में कुछ मिनट की बिजली कटौती पर हाहाकार मच जाता है, लेकिन वे दशकों से बिना बिजली के जीवन जी रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के सामने गुहार लगाई थी। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गांव में सोलर बिजली कनेक्शन दिया गया, लेकिन अब वह भी दम तोड़ने लगा है। कई घरों में लगी सोलर लाइट की बैटरियां पुरानी और खराब हो चुकी हैं, जिससे रोशनी की समस्या जस की तस बनी हुई है। (No Electricity in Two Villages)

रिजर्व फॉरेस्ट बना अड़चन

बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता प्रकाश कुमार अग्रवाल के मुताबिक कंडा गांव सेमरसोत अभ्यारण के अंतर्गत आता है, जो कि रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र है। ऐसे में यहां विद्युत लाइन बिछाने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई है। उनका कहना है कि जैसे ही रिजर्व फॉरेस्ट विभाग से अनुमति मिलेगी, गांव में विद्युतीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विकास पर उठते सवाल

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सात दशक बीत जाने के बाद भी ये गांव बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से क्यों वंचित हैं ? इस दौरान कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन कंडा और पुतसु के ग्रामीण अब भी विकास की राह देख रहे हैं। क्या अनुमति मिलने के बाद इन गांवों में सचमुच रोशनी पहुंचेगी या फिर विकास का पहिया यूं ही फाइलों में घूमता रहेगा। यह देखना बाकी है। (No Electricity in Two Villages)

Back to top button
error: Content is protected !!