Google Analytics —— Meta Pixel

CDS जनरल अनिल चौहान का बड़ा बयान, कहा- आज तय करना मुश्किल कौन दोस्त, कौन दुश्मन, भारत को अकेले कार्रवाई के लिए रहना होगा तैयार

CDS General Anil Chauhan: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पुणे में भारतीय सेना की सदर्न कमांड की ओर से आयोजित जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन सेमिनार को संबोधित किया। साथ ही कहा कि आज की बदलती वैश्विक परिस्थितियों में यह तय करना कठिन हो गया है कि कौन दोस्त है, कौन सहयोगी और कौन विरोधी या दुश्मन। उन्होंने कहा कि स्थायी दोस्ती या दुश्मनी की पारंपरिक धारणाएं अब भरोसेमंद नहीं रह गई हैं। CDS ने कहा कि आज के दौर में रणनीतिक गठबंधन लचीले और लेन-देन आधारित होते जा रहे हैं। ऐसे में भारत को आवश्यकता पड़ने पर अकेले कार्रवाई करने के लिए तैयार रहना होगा।

यह भी पढ़ें:- खड़े ट्रक से टकराई कर, एक ड्राइवर समेत CRPF के 3 जवानों की गई जान, एक गंभीर रूप से घायल, डिप्टी CM शर्मा ने जाना हाल

उन्होंने कहा कि यह तैयारी केवल सैन्य स्तर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मानसिक, संरचनात्मक और भौतिक तीनों स्तरों पर होनी जरूरी है। CDS ने कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां राष्ट्रीय हितों के अनुरूप हों तो उनका स्वागत है, लेकिन वे स्वदेशी क्षमता और स्वतंत्र निर्णय लेने की ताकत का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने आत्मनिर्भर रक्षा ढांचे को भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बताया। जनरल चौहान ने कहा कि वैश्विक सुरक्षा वातावरण तेजी से बदल रहा है और अनिश्चितता बढ़ती जा रही है। उन्होंने जबरन राष्ट्रवाद और आर्थिक हथियारीकरण जैसे रुझानों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज व्यापार, सप्लाई चेन, तकनीक तक पहुंच और महत्वपूर्ण संसाधनों का इस्तेमाल रणनीतिक दबाव बनाने के औजार के रूप में किया जा रहा है।

देहरादून में पंचशील समझौते पर बयान

उन्होंने कहा कि घोषित युद्धों की संख्या कम होती जा रही है, जबकि प्रतिस्पर्धा अब प्रॉक्सी युद्ध, सीमित सैन्य कार्रवाइयों और साइबर गतिविधियों के जरिए सामने आ रही है। संज्ञानात्मक और सूचना युद्ध को उन्होंने आधुनिक दौर का प्रमुख रणक्षेत्र बताया, जहां सेनाओं के बजाय समाजों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में CDS जनरल अनिल चौहान ने भारत और चीन के बीच हुए पंचशील समझौता का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 1954 में भारत ने तिब्बत को चीन का हिस्सा मान लिया था। उस समय भारत को लगा कि उत्तरी सीमा विवाद का समाधान हो गया है, लेकिन चीन ने इसे मुख्यतः एक व्यापारिक समझौते के रूप में देखा। (CDS General Anil Chauhan)

1954 में तिब्बत को चीन का हिस्सा स्वीकार किया: CDS

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ब्रिटिश शासन समाप्त हो चुका था और सीमाओं के निर्धारण की जिम्मेदारी भारत पर थी। मैकमोहन लाइन पूर्वी क्षेत्र में थी और लद्दाख क्षेत्र में भारत का दावा था, लेकिन स्थिति जटिल थी। CDS के मुताबिक तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू चीन के साथ स्थिर और बेहतर संबंध चाहते थे। तिब्बत का इलाका भौगोलिक रूप से कठिन और संवेदनशील था, इसलिए भारत ने 1954 में तिब्बत को चीन का हिस्सा स्वीकार किया और दोनों देशों ने पंचशील समझौते पर हस्ताक्षर किए। जनरल चौहान ने संकेत दिया कि उस समय का निर्णय तत्कालीन परिस्थितियों और स्थिरता की आवश्यकता को ध्यान में रखकर लिया गया था, लेकिन बाद की घटनाओं ने यह दिखाया कि सीमा विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था।

Back to top button
error: Content is protected !!