इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल हुए डिप्टी CM विजय शर्मा, कहा- तकनीक संचालित प्रशासन भविष्य की आवश्यकता

India AI Impact Summit: डिप्टी CM विजय शर्मा ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेकर राज्य का प्रतिनिधित्व किया। वे लीडर्स प्लेनरी सत्र में शामिल हुए और शासन-प्रशासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग पर विशेष रुचि दिखाई। डिप्टी CM शर्मा ने सम्मेलन के दौरान AI के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवा वितरण सुनिश्चित करने समेत डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली विकसित करने के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में रोजगार की बहार, अलग-अलग जिलों में प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेला का आयोजन
उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में AI के सफल उपयोग के उदाहरणों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का भारत को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति बनाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह शिखर सम्मेलन भारत की ओर से ग्लोबल साउथ में आयोजित पहला वैश्विक AI सम्मेलन है, जिसमें अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय भागीदारी देखने को मिली है। 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्षों, 60 मंत्रियों और 500 से ज्यादा वैश्विक AI नेताओं की उपस्थिति इस आयोजन की महत्ता को दर्शाती है।

डिप्टी CM शर्मा ने बताया कि नीति-निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों, नवप्रवर्तकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर यह सम्मेलन इंडिया AI मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के अंतर्गत वैश्विक AI विमर्श को ठोस और क्रियान्वयन योग्य विकास परिणामों में परिवर्तित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने समिट के प्रति वैश्विक उत्साह को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि 700 से ज्यादा प्रस्तावों की प्राप्ति इस बात का प्रमाण है कि पूरा विश्व भारत की AI पहल को उत्साह से देख रहा है और सहयोग के लिए आगे आ रहा है। (India AI Impact Summit)

शर्मा ने कहा कि तकनीक संचालित प्रशासन ही भविष्य की आवश्यकता है और छत्तीसगढ़ सरकार डिजिटल नवाचारों को अपनाकर सुशासन को और ज्यादा सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए राज्य में AI आधारित समाधान लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। डिप्टी CM ने वैश्विक विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर सहयोग की संभावनाएं तलाशी। उनका मानना है कि AI का समुचित उपयोग ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बना सकता है। (India AI Impact Summit)
छत्तीसगढ़ के स्टाल पहुंच किया अवलोकन
समिट में छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाई आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के स्टाल का भी अवलोकन किया, जहां इन्वेस्टमेंट कमिश्नर रितु सेन उनके दल की ओर से राज्य के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने स्टाल का अवलोकन कर युवाओं के दल का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डीआरडीओ के स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा ने भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर स्टीफन प्रिजनर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग में तकनीक की भूमिका और विकासशील राज्यों में नवाचार आधारित समाधानों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।



