Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में दोस्त बना गद्दार, मल्टीलेवल पार्किंग से उड़ाए 36.50 लाख, FCI अधिकारी के दोस्त ने ही रची साजिश

Theft in Raipur: रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी कार से लाखों रुपए के चोरी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। अज्ञात चोरों पर शक जताया जा रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि पीड़ित के ही दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर 36 लाख 50 हजार रुपए गबन किए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है। जानकारी के मुताबिक पिरदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले FCI अधिकारी ज्ञान प्रकाश पांडे 16 फरवरी को जमीन की रजिस्ट्री कराने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार महतारी चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी की।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में मृत महिला के नाम पर रजिस्ट्री, अभनपुर में 49 लाख रुपए की ठगी, देवपुरी में भी 36 लाख ठगा

कार की चाबी उन्होंने अपने दोस्त नितिन सोनी को देकर अंदर चले गए। कुछ देर बाद नितिन का फोन आया कि कार में रखे सफेद थैले से 36.50 लाख रुपए चोरी हो गए हैं। मौके पर पहुंचकर जब जांच की गई तो रकम गायब मिली। नितिन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट, सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें कार के आसपास एक संदिग्ध स्कूटी सवार दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के दौरान नितिन बार-बार बयान बदलता रहा। (Theft in Raipur)

कर्ज में डूबा था आरोपी

कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर पूरी रकम निकालने की साजिश रची थी। दोनों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नितिन सोनी भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसने पहले से प्लान बनाकर अपने दोस्त को रजिस्ट्री ऑफिस भेजा और इसी दौरान साथी तनवीर को बुलाकर कार से पूरी रकम निकाल ली। रकम लेकर वे स्कूटी में रखकर फरार हो गए। इस काम के बदले तनवीर को 2 लाख रुपए देने की बात तय हुई थी। (Theft in Raipur)

दोनों आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नितिन कुमार सोनी (32) निवासी विधानसभा क्षेत्र और तनवीर आलम (28) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर खमतराई के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 36 लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया गया है। रायपुर में लाखों की इस चोरी का खुलासा भले हो गया हो, लेकिन दोस्ती में दगा की यह कहानी लंबे समय तक चर्चा में रहेगी। फिलहाल दोनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

Back to top button
error: Content is protected !!