भारत-फ्रांस रिश्तों में नया अध्याय, मुंबई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया वैश्विक स्थिरता का संदेश

India France summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में आयोजित भारत-फ्रांस शिखर वार्ता के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का स्वागत किया। साथ ही दोनों देशों के ऐतिहासिक, सामरिक और वैश्विक संबंधों पर संबोधन दिया। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत और फ्रांस अपने द्विपक्षीय संबंधों को अब विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर वे फ्रांस में आयोजित एआई एक्शन समिट में शामिल हुए थे और उस दौरान उन्होंने मार्सेय शहर का दौरा किया था। मार्सेय वही स्थान है, जहां प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों ने यूरोप की धरती पर कदम रखा था।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में दोस्त बना गद्दार, मल्टीलेवल पार्किंग से उड़ाए 36.50 लाख, FCI अधिकारी के दोस्त ने ही रची साजिश
PM मोदी ने वीर सावरकर का भी उल्लेख किया, जिन्होंने ब्रिटिश गिरफ्तारी से बचने के लिए मार्सेय में समुद्र में छलांग लगाई थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार जब राष्ट्रपति मैक्रों एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत आए हैं तो उनका स्वागत भारत के गेटवे मुंबई में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच गहरे विश्वास का एक उदाहरण कर्नाटक के वेमगल में H125 हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन है। यह परियोजना फ्रांस की कंपनी एयरबस के सहयोग से स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि यह विश्व का एकमात्र हेलीकॉप्टर है, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक उड़ान भर सकता है और अब इसका निर्माण भारत में होगा और इसे वैश्विक स्तर पर निर्यात किया जाएगा। (India France summit 2026)

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस साझेदारी गहरे समुद्र से लेकर दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों तक पहुंचने की क्षमता रखती है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौते का नवीनीकरण, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) और सफरान के बीच हैमर मिसाइल निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम, सेनाओं के अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती, उभरती तकनीकों के लिए संयुक्त समूह का गठन, नवाचार और तकनीकी सहयोग को नई गति देने जैसे समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री ने भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के शुभारंभ की घोषणा करते हुए कहा कि नवाचार अलगाव में नहीं, बल्कि सहयोग से होता है। इस पहल के अंतर्गत भारत-फ्रांस इनोवेशन नेटवर्क की स्थापना, एम्स, नई दिल्ली में एआई इन हेल्थ के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर, डिजिटल साइंस एवं टेक्नोलॉजी के लिए संयुक्त केंद्र, मेटाबॉलिक हेल्थ साइंसेज में सहयोग, एरोनॉटिक्स में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, विज्ञान-प्रौद्योगिकी विभाग और फ्रांस के CNRS के बीच उन्नत सामग्री अनुसंधान केंद्र स्थापित करने पर सहमति बनी।

स्टार्टअप सहयोग के तहत हैदराबाद स्थित T-Hub और नॉर्ड फ्रांस के बीच रणनीतिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री ने 2026 को भारत-यूरोप संबंधों में टर्निंग पॉइंट बताते हुए कहा कि हाल ही में यूरोपीय संघ के साथ हुआ मुक्त व्यापार समझौता भारत और फ्रांस के व्यापारिक संबंधों को भी नई गति देगा। डबल टैक्स अवॉइडेंस एग्रीमेंट (DTAA) में संशोधन, क्रिटिकल मिनरल्स और मेटल्स में सहयोग, अक्षय ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा, डाक सेवाओं में भारत के डाक विभाग और फ्रांस की ला पोस्टे के बीच समझौता हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में भारत-फ्रांस साझेदारी वैश्विक स्थिरता की शक्ति है। उन्होंने कहा कि दोनों देश बहुपक्षवाद, कूटनीति और संवाद में विश्वास रखते हैं। वैश्विक संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर एकमत हैं। (India France summit 2026)

भारत और फ्रांस ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक कॉरिडोर जैसे प्रयासों के माध्यम से मानव विकास और क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फ्रांस दोनों प्राचीन और समृद्ध सभ्यताएं हैं। उन्होंने ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय में फ्रांस के सहयोग का उल्लेख किया और लोथल के राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर में साझेदारी की जानकारी दी। साथ ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र खोलने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर वैश्विक स्थिरता, प्रगति और साझा समृद्धि के लिए कार्य करेंगे। मुंबई में आयोजित यह शिखर वार्ता भारत-फ्रांस संबंधों में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जिसमें रक्षा, नवाचार, अर्थव्यवस्था और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में व्यापक सहयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ है।




