भारत-फ्रांस साझेदारी की कोई सीमा नहीं, यह गहरे समुद्र से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक पहुंच सकती है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ हुई मुलाकात और वार्ता को भारत-फ्रांस संबंधों के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुंबई में अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मैक्रों को यह शहर बहुत पसंद है और उन्होंने सुबह यहां दौड़ का भी आनंद लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने जानकारी दी कि मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय वार्ता और संयुक्त प्रेस वक्तव्य के बाद दोनों नेता भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:- भारत-फ्रांस रिश्तों में नया अध्याय, मुंबई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया वैश्विक स्थिरता का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुंबई में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ हुई बैठक विशेष महत्व रखती है, क्योंकि हमने भारत-फ्रांस संबंधों को एक विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत किया है। हमारी यह साझेदारी वैश्विक स्थिरता और प्रगति के लिए समर्पित है। हमने उद्योग, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, अंतरिक्ष और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग पर चर्चा की। हमारे देश स्टार्टअप्स और एमएसएमई के बीच मजबूत नेटवर्क बनाएंगे, छात्रों और शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाएंगे और नए संयुक्त नवाचार केंद्र स्थापित करेंगे। भारत में एक हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन यह दर्शाता है कि भारत-फ्रांस मित्रता कितनी गहरी है। (PM Modi on France)

PM मोदी ने कहा कि हमें गर्व है कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में दुनिया का एकमात्र ऐसा हेलीकॉप्टर निर्माण करेंगे, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक उड़ान भरने में सक्षम होगा और उसे वैश्विक स्तर पर निर्यात किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस साझेदारी की कोई सीमा नहीं है। यह गहरे समुद्र से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक पहुंच सकती है। साल 2026 भारत और यूरोप के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौता भारत-फ्रांस संबंधों को भी अभूतपूर्व गति देगा। हमने दोहरे कराधान से बचाव के लिए एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं, जिससे हमारे लोगों और कंपनियों के बीच निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर एआई इन हेल्थ, इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी और एरोनॉटिक्स में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की शुरुआत भविष्य उन्मुख भारत-फ्रांस सहयोग के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि हमें प्रसन्नता है कि साल 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। हम अपनी साझेदारी को जनता की साझेदारी में बदल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश अपनी साझेदारी को पीपुल-टू-पीपुल पार्टनरशिप में बदल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत और फ्रांस की मित्रता नई ऊंचाइयों को छू रही है और यह वैश्विक स्तर पर स्थिरता, प्रगति और नवाचार का मजबूत आधार बनेगी। (PM Modi on France)




