T20 World Cup 2026: भारत का आखिरी ग्रुप मैच आज, पाकिस्तान के लिए करो या मरो की जंग

T20 World Cup 2026: T-20 वर्ल्ड कप में आज ग्रुप स्टेज के दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। एक ओर भारतीय टीम नीदरलैंड से भिड़ेगी। वहीं दूसरे मैच में पाकिस्तान का सामना नामीबिया से होगा। दोनों मैचों का असर सुपर-8 की तस्वीर पर पड़ेगा। भारत का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला आज नीदरलैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। टॉस शाम 6.30 बजे होगा। टीम इंडिया पहले ही सुपर-8 में जगह बना चुकी है। भारत ने इस टूर्नामेंट में अमेरिका, नामीबिया और पाकिस्तान को हराया है और 6 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। हालांकि टीम के लिए चिंता की बात यह है कि T20 के नंबर-1 बैटर अभिषेक शर्मा अब तक खाता भी नहीं खोल सके हैं। वे पाकिस्तान और अमेरिका के खिलाफ शून्य पर आउट हुए। ऐसे में आज उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
यह भी पढ़ें:- Rajya Sabha Elections 2026 : 16 मार्च को 37 सीटों पर राज्यसभा चुनाव, 10 राज्यों में होगी वोटिंग
ओपनर ईशान किशन भारत के लिए 158 रन बनाकर टॉप स्कोरर हैं। वे आज 16 रन बनाते ही टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। गेंदबाजी में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 6 विकेट लेकर प्रभावी रहे हैं। दूसरी ओर नीदरलैंड को सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत चाहिए। टीम को अमेरिका और पाकिस्तान से हार मिली है, जबकि नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज की थी। अगर आज टीम हारती है तो ग्रुप स्टेज से बाहर हो सकती है। साथ ही उसे पाकिस्तान की हार और बेहतर रन रेट की भी दरकार होगी। बास डी लीडे नीदरलैंड के लिए ऑलराउंड प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 125 रन बनाने के साथ 5 विकेट भी लिए हैं। 72 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। (T20 World Cup 2026)
दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड
भारत और नीदरलैंड के बीच अब तक सिर्फ एक T20 मुकाबला खेला गया है। 2022 वर्ल्ड कप में सिडनी में खेले गए मैच में भारत ने 179 रन बनाए थे, जवाब में नीदरलैंड 123 रन पर सिमट गया था। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां 11 में से 5 मैचों में 200 से ज्यादा स्कोर बना है। पहली पारी में 185 से ज्यादा रन जीत के लिए मजबूत स्कोर माना जाता है। मौसम साफ रहने की संभावना है। तापमान 19 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रात में ओस का असर दिख सकता है, ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद हो सकता है। टूर्नामेंट का 35वां मैच पाकिस्तान और नामीबिया के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। टॉस 2.30 बजे होगा। पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला निर्णायक है। अगर नामीबिया जीतता है तो पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और अमेरिका सुपर-8 में पहुंच जाएगा।
कोलंबो में बारिश की संभावना
वहीं पाकिस्तान की जीत उसे अगले दौर में पहुंचा देगी। पाकिस्तान को तीन मैचों में दो जीत और एक हार मिली है। टीम ने नीदरलैंड और अमेरिका को हराया, जबकि भारत से हार झेली। नामीबिया अपने तीनों मैच हार चुका है। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान 120 रन बनाकर टॉप स्कोरर हैं, जबकि सईम अयूब 5 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। नामीबिया की ओर से लॉरेन स्टीनकैंप 93 रन के साथ टॉप रन स्कोरर हैं, जबकि कप्तान जेरार्ड इरास्मस 6 विकेट लेकर आगे हैं। कोलंबो की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाती है। यहां 150 से ज्यादा का स्कोर मजबूत माना जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना भी है। तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दोनों मुकाबलों के नतीजे के बाद सुपर-8 की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आज के इन हाई-वोल्टेज मुकाबलों पर टिकी रहेंगी। (T20 World Cup 2026)



