छत्तीसगढ़ में SIR को लेकर सियासी संग्राम, अल्पसंख्यकों को टारगेट करने का आरोप, भाजपा ने किया पलटवार

Politics on Chhattisgarh SIR: छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य में ईसाई और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को टारगेट किया जा रहा है। कब्रिस्तान विवाद से लेकर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) तक कई मुद्दों पर सवाल खड़े किए गए हैं। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक में SIR प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में होली पर भी खुलेंगी शराब दुकानें, नई आबकारी नीति पर सियासत तेज
आरोप है कि लंबे समय से एक ही वार्ड और मकान में रह रहे मुस्लिम मतदाताओं को अनुपस्थित दिखाकर उनके नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की कोशिश की जा रही है। तहसील कार्यालय से नोटिस मिलने के बाद प्रभावित लोग लामबंद हो गए हैं। उनका कहना है कि वे सालों से संबंधित वार्ड में निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद फार्म-7 के माध्यम से गलत जानकारी दर्ज कर नाम काटने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला सिर्फ छुरा तक सीमित नहीं है, बल्कि फिंगेश्वर और देवभोग जैसे दूरस्थ ब्लॉकों में भी 300 से ज्यादा नामों पर आपत्ति दर्ज की गई है। (Politics on Chhattisgarh SIR)
कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा समर्थित बीएलओ फार्म-7 का दुरुपयोग कर रहे हैं और कांग्रेस समर्थक मुस्लिम वोटरों को सूची से हटाने की साजिश की जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में तहसील और थाने में ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन कार्यालय में अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी अमीनुल खान ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अमीनुल खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ को कभी शांति का टापू माना जाता था, जहां आज अल्पसंख्यक और ईसाई समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
1300 से ज्यादा अल्पसंख्यकों के नाम काटने के आरोप
उन्होंने कब्रिस्तान विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के नाम पर वर्ग विशेष के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त जानकारी और साक्ष्य के आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं और यह पूरी कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है। सरकार को इस पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। अंबिकापुर से आए कार्यकर्ता परवेज ने दावा किया कि उनके इलाके में 1300 से ज्यादा अल्पसंख्यकों के नाम काटे गए हैं। पूरे मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। (Politics on Chhattisgarh SIR)
कांग्रेस फैला रही भ्रम: भाजपा
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है और राज्य का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। मिश्रा ने कहा कि SIR पहली बार नहीं हो रहा, पहले भी यह प्रक्रिया हो चुकी है और वर्तमान में यह पारदर्शी तरीके से चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम हटाने में बाधा डाली गई थी। रायपुर उत्तर विधानसभा में 11 हजार मृत व्यक्तियों के नाम नहीं हटाए गए थे। अब जब ऐसे नाम हटाए जा रहे हैं तो कांग्रेस को आपत्ति हो रही है।
पखांजूर में 1400 नाम विलोपित
भाजपा का कहना है कि छत्तीसगढ़ में अल्पसंख्यक पूरी तरह सुरक्षित हैं और कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रही है। इधर, पखांजूर क्षेत्र में SIR के दौरान 6 हजार लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। जांच के बाद 1400 लोगों ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए, जिसके चलते उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। एसडीएम टीकाराम देवांगन ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम 2003 की सूची में नहीं थे और जो दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, उनके नाम नियमानुसार विलोपित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दस्तावेज जमा नहीं करने वाले कुछ लोगों के संदर्भ में बांग्लादेशी होने की संभावना की भी जांच की जा रही है।
21 फरवरी को जारी होगी फाइनल सूची
SIR प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बीच अब सभी की नजर 21 फरवरी पर है, जब अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। सवाल यह है कि क्या उससे पहले निर्वाचन आयोग तक कोई औपचारिक शिकायत या राजनीतिक उठा-पटक होगी ? फिलहाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में अल्पसंख्यक मुद्दा एक बार फिर केंद्र में है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई क्या है, इसका स्पष्ट चित्र अंतिम सूची जारी होने के बाद ही सामने आएगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में SIR की प्रक्रिया 4 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी। (Politics on Chhattisgarh SIR)



