रायगढ़ और रायपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, बिजली विभाग के रिटायर्ड अफसर से 36 लाख 97 हजार रुपए हड़पे, RTO एजेंट भी बना शिकार

Digital Arrest Fraud: छत्तीसगढ़ में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। पहला मामला रायगढ़ जिले का है, जहां ठगों ने खुद को टेलीकॉम विभाग, पुलिस और CBI का अधिकारी बताकर बिजली विभाग के एक रिटायर्ड परिवेक्षक को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया और उनसे 36 लाख 97 हजार 117 रुपए ठग लिए। जानकारी के मुताबिक 14 जनवरी 2026 को पीड़ित को एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका नाम मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जुड़ा है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वीडियो कॉल पर एक व्यक्ति ने खुद को IPS अधिकारी बताकर जांच का हवाला दिया।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में गैस लीकेज से धमाका, 16 लोगों की मौत, अमेरिका में बर्फ की चट्टान खिसकने 8 की गई जान
ठगों ने पीड़ित को अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने को कहा। डर और मानसिक दबाव में आकर पीड़ित ने 30 जनवरी से 11 फरवरी के बीच कुल 36 लाख 97 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SSP शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि कोई भी पुलिस या केंद्रीय एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही किसी से पैसे ट्रांसफर करने को कहती है। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल की तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
RTO एजेंट से 17 लाख 15 हजार की ठगी
इधर, राजधानी रायपुर में भी डिजिटल अरेस्ट का एक और मामला सामने आया है, जहां एक RTO एजेंट से 17 लाख 15 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताते हुए पीड़ित और उसके पूरे परिवार को 24 घंटे तक वीडियो कॉल पर डिजिटल निगरानी में रखा। पुलिस के मुताबिक शरद कुमार तिवारी को 15 फरवरी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार और बैंक खाते का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अपराध में हुआ है। गिरफ्तारी से बचने और जांच में सहयोग के नाम पर उन्हें लगातार वीडियो कॉल पर रहने के लिए मजबूर किया गया।
आरोपियों ने परिवार को दी धमकी
आरोपियों ने धमकी दी कि अगर जांच में सहयोग नहीं किया गया तो तत्काल गिरफ्तारी होगी। इसके बाद पीड़ित और उनके परिवार को 24 घंटे तक वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट में रखा गया। इस दौरान बैंक खातों की जानकारी लेकर किस्तों में कुल 17 लाख 15 हजार लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। परिवार पर भी मानसिक दबाव बनाया गया। किसी को फोन न करने और घर से बाहर न निकलने की सख्त चेतावनी दी गई। लगातार निगरानी और धमकियों से परिवार सहम गया और आरोपियों के निर्देशों का पालन करता रहा। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। (Digital Arrest Fraud)
लोगों को सावधान रहने की सलाह
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल व कॉल रिकॉर्ड के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को भी मामले की जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर खुद को पुलिस, सीबीआई, एटीएस या किसी केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी बताने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें और बिना सत्यापन किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। कुल मिलाकर रायगढ़ और रायपुर में सामने आए ये दोनों मामले साफ संकेत दे रहे हैं कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठग अब संगठित तरीके से लोगों को निशाना बना रहे हैं। (Digital Arrest Fraud)



