पाकिस्तान में गैस लीकेज से धमाका, 16 लोगों की मौत, अमेरिका में बर्फ की चट्टान खिसकने 8 की गई जान

Explosion in Pakistan: पड़ोसी देश पाकिस्तान के कराची में स्थित एक रिहायशी इमारत में गैस रिसाव के बाद विस्फोट हो गया, जिससे इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें दबकर 16 लोगों की मौत हो गई। जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक हादसा गुल राणा कॉलोनी इलाके में हुआ। शुरुआती जांच में गैस लीकेज को विस्फोट की वजह माना जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद इमारत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। घायलों और मृतकों को नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कब्र से शव निकालने पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, धर्मांतरित आदिवासी ईसाई दफन विवाद पर बड़ा आदेश
इससे पहले जुलाई 2025 में कराची के लियारी इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से 27 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 लोग घायल हुए थे। अगस्त 2025 में ओरंगी टाउन में अवामी नेशनल पार्टी (ANP) के कार्यालय में गैस धमाके के बाद इमारत ढह गई थी, जिसमें पार्टी के चार कार्यकर्ता घायल हुए थे। उस समय सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी ने बताया था कि कराची में 588 इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक खराब निर्माण मानक, घटिया सामग्री का उपयोग, अवैध निर्माण और बिल्डिंग नियमों के कमजोर पालन के कारण ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं। करीब 2 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले कराची में ओवरक्राउडिंग और जर्जर ढांचा लंबे समय से चिंता का विषय बना हुआ है। (Explosion in Pakistan)
अमेरिका में हिमस्खलन से 8 की मौत
अमेरिका के कैलिफोर्निया के सिएरा नेवादा पर्वत क्षेत्र में बर्फ की चट्टान खिसकने से बड़ा हादसा हो गया। 15 लोगों का एक ग्रुप तीन दिन की गाइडेड ट्रिप पर था, तभी दोपहर करीब 11:30 बजे हिमस्खलन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति लापता है, जिसे मृत मान लिया गया है। मृतकों में गाइडिंग कंपनी के तीन गाइड भी शामिल हैं। कुल मृत और लापता लोगों में सात महिलाएं और दो पुरुष हैं। बुधवार को नेवादा काउंटी के शेरिफ शैनन मून ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की। 6 लोगों को मंगलवार शाम को सुरक्षित बचा लिया गया। यह अमेरिका में पिछले 45 सालों का सबसे घातक हिमस्खलन माना जा रहा है। इससे पहले 1981 में माउंट रेनियर पर हुए हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी।

जांच के घेरे में कंपनी का फैसला
हादसे के समय इलाके में भारी बर्फबारी हो रही थी। पिछले 36 घंटों में 2 से 3 फीट नई बर्फ गिरी थी और तेज हवाओं के कारण सफेद धुंध की स्थिति बन गई थी। खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके और जमीनी बचाव कार्य में भी बाधा आई। सिएरा एवलांच सेंटर ने पहले ही भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की थी और यात्रा से बचने की सलाह दी थी। हादसा डोनर पास के पास हुआ, जो लेक ताहो के उत्तर-पश्चिम में स्थित है। खराब मौसम के कारण इंटरस्टेट-80 हाईवे भी बंद करना पड़ा। शेरिफ ने बताया कि इतनी खतरनाक परिस्थितियों में ग्रुप को भेजने के फैसले की जांच की जा रही है। गाइडिंग कंपनी के अनुसार इस ट्रिप के लिए प्रतिभागियों को अच्छी शारीरिक क्षमता की आवश्यकता होती है। मृतकों के शव बर्फ में दबे हुए हैं। मौसम साफ होने के बाद उन्हें निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा और फिर परिजनों को सौंपा जाएगा।




