Google Analytics —— Meta Pixel

सगाई के बाद मंगेतर से फोन पर बात करने पर पाबंदी, जूता-छुपाई रस्म भी बंद, इस समाज ने बनाए सख्त नियम

Chhattisgarh Sen Samaj: छत्तीसगढ़ में सेन समाज ने सगाई के बाद बढ़ती टूटती रिश्तों की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कई सख्त फैसले लिए हैं। बालोद में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में तय किया गया कि अब सगाई के बाद मंगेतर अकेले में मोबाइल पर बात नहीं कर सकेंगे। शादी से पहले होने वाली बातचीत सिर्फ माता-पिता या परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में ही होगी। इसके साथ ही एक और पारंपरिक रस्म पर रोक लगा दी गई है। अब शादी के दौरान दुल्हन की बहनें दूल्हे का जूता नहीं छुपा पाएंगी। समाज का तर्क है कि इस रस्म को लेकर कई बार दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन जाती है।

यह भी पढ़ें:- कर्ज में डूबा ट्रक मालिक बना चोर, 900 कट्टा सरकारी धान गायब करने वाले 4 गिरफ्तार

सेन समाज के जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक ने बताया कि हाल के दिनों में सगाई टूटने की घटनाएं बढ़ी हैं। समाज ने जब इसकी वजह जानने की कोशिश की तो पाया कि सगाई के बाद लड़का-लड़की के बीच घंटों मोबाइल पर बातचीत होती है, जिससे कई बार गलतफहमियां और विवाद पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि इसी को देखते हुए फैसला लिया गया है कि सगाई के बाद और शादी से पहले मंगेतर आपस में निजी तौर पर फोन पर बात नहीं करेंगे। सेन समाज के प्रवक्ता उमेश कुमार सेन ने जानकारी दी कि बैठक में यह भी तय किया गया कि दूल्हे का जूता छुपाने की रस्म अब नहीं होगी। उनका कहना है कि इस परंपरा के दौरान कई बार पैसों या मजाक को लेकर विवाद हो जाते हैं, जिससे रिश्तों में खटास आ सकती है।

पूरे प्रदेश में लागू करने की मांग

प्रदेश संगठन मंत्री गौरी शंकर श्रीवास ने कहा कि उन्हें बालोद में लिए गए फैसलों की जानकारी है और वे चाहते हैं कि यह नियम पूरे छत्तीसगढ़ में लागू हो। उनके मुताबिक हाल के सालों में सगाई टूटने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है और जांच में सामने आया कि मोबाइल पर निजी बातचीत इसके प्रमुख कारणों में से एक है। जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ में सेन समाज की आबादी करीब सवा दो लाख है। इनमें से लगभग 70 प्रतिशत लोग पारंपरिक रूप से सैलून और हेयर ड्रेसिंग के कार्य से जुड़े हैं। समाज का कहना है कि यह फैसला सामाजिक मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों को बचाने के लिए लिया गया है। (Chhattisgarh Sen Samaj)

फैसले पर बंटी राय

इस फैसले को लेकर समाज के भीतर और बाहर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बालोद की 20 साल की युवती ने फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि अगर मोबाइल की वजह से सगाई टूट रही है तो शादी से पहले घंटों निजी बातचीत पर रोक उचित है। उनके मुताबिक यह कदम परिवार और समाज दोनों के हित में है। जबकि पत्रकार पूनम ऋतु सेन ने इस फैसले पर पुनर्विचार की अपील की है। उनका कहना है कि जीवनसाथी चुनना व्यक्तिगत स्वतंत्रता का विषय है। अगर दो लोगों को पूरा जीवन साथ बिताना है तो उन्हें एक-दूसरे को समझने का अवसर मिलना चाहिए। निजी संवाद पर पूरी तरह रोक उचित नहीं मानी जा सकती।

सामाजिक सुधार या व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर सवाल ?

जहां सेन समाज इसे सामाजिक सुधार और रिश्तों की मजबूती की दिशा में कदम बता रहा है, वहीं कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप के रूप में देख रहे हैं। अब देखना यह होगा कि यह फैसला समाज में किस रूप में स्वीकार किया जाता है और क्या अन्य जिलों या समुदायों में भी इसी तरह के नियम लागू होते हैं। इससे पहले छत्तीसगढ़ में साहू समाज ने प्री-वेडिंग शूट पर रोक लगाने का फैसला लिया था। उनका तर्क था कि शादी से पहले होटलों या अन्य स्थानों पर किए जाने वाले शूट समाज को गलत दिशा दे रहे हैं। अब सेन समाज का यह फैसला भी प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। (Chhattisgarh Sen Samaj)

Back to top button
error: Content is protected !!