छत्तीसगढ़ में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के कटे नाम

Chhattisgarh Final Voter List: छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 फरवरी 2026 को राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची के मुताबिक प्रदेश में कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता पंजीकृत हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियों के निराकरण के बाद 2 लाख 34 हजार 994 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ड्राफ्ट सूची से पहले मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी। ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद यह घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई, लेकिन दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम सूची में 2 लाख 34 हजार 994 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई।
यह भी पढ़ें:- “दुनिया में हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं?”- अनु कपूर के बयान से गरमाई राष्ट्रीय बहस
ड्राफ्ट के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को हटाया गया था। इसके बाद नए नाम जोड़ने और सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अभियान में कुल 27 हजार 196 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए। मृत और स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान की गई। डुप्लीकेट नाम हटाए गए। करीब 1.84 करोड़ मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया। इससे मतदाता सूची को ज्यादा सटीक और अपडेट बनाने में मदद मिली। 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए गए। सभी दावे-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर दिया गया, जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी विधानसभा-वार सूची आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई। जिलावार आंकड़ों में कुछ जिलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
किन जिलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी ?
- दुर्ग में सबसे ज्यादा 30 हजार 913 मतदाता बढ़े
- बिलासपुर में 29 हजार 031 मतदाता बढ़े
- बलौदाबाजार में 16 हजार 876 की बढ़ोतरी
- बालोद में 13 हजार 565 नए मतदाता जुड़े
वहीं राजधानी रायपुर में सिर्फ 521 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सबसे कम है। यह विशेष अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 4 महीने तक राज्य के सभी 33 जिलों में चलाया गया। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक अधिकारी, BLO और बूथ लेवल एजेंट्स की सक्रिय भागीदारी रही। मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को जागरूक किया गया। अंतिम मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा मतदाता अपना नाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। वहां वे अपने नाम, पता और अन्य विवरण की जांच कर सकते हैं। (Chhattisgarh Final Voter List)
1 करोड़ 87 लाख से ज्यादा मतदाता दे सकेंगे वोट
SIR अभियान के बाद छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची को अपडेट कर अंतिम रूप दे दिया गया है। मृत और डुप्लीकेट नाम हटाकर, नए पात्र मतदाताओं को जोड़कर सूची को ज्यादा सटीक बनाया गया है। अब प्रदेश में कुल 1 करोड़ 87 लाख से ज्यादा मतदाता आगामी चुनावों में मतदान के लिए पात्र हैं। निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया से सूची ज्यादा पारदर्शी और त्रुटिरहित बनी है, जिन लोगों ने हाल ही में 18 साल की आयु पूरी की है या जिनका नाम पहले छूट गया था, वे भी अब सूची में शामिल हो सके हैं। प्रदेश के सभी पात्र मतदाताओं से अपील है कि वे अपना नाम एक बार जरूर जांच लें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। (Chhattisgarh Final Voter List)



